Train Schedule Change : लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के चलते दिसंबर के अंतिम सप्ताह से जनवरी के पहले सप्ताह तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। प्री नान इंटरलाकिंग (पीएनआइ) और नान इंटरलाकिंग (एनआई) कार्य के चलते रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में 39 रेलसेवाएं रद करने का निर्णय लिया है। इनमें जाखल-लुधियाना के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 54,053 और 54,054 भी शामिल हैं, जो 31 दिसंबर से 8 जनवरी तक नहीं चलेंगी। इससे जाखल, टोहाना और आसपास के क्षेत्रों से लुधियाना जाने वाले दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कई अन्य रेलसेवाएं भी नवंबर से जनवरी तक अलग-अलग तारीखों में रद रहेंगी।
डीआरयूसीसी के पूर्व सदस्य एवं दैनिक रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राजेश नागपाल ने बताया कि लुधियाना रेलवे स्टेशन पर दोहरीकरण कार्य के तहत फिरोजपुर मंडल के लुधियाना-बडोवाल और अंबाला मंडल के लुधियाना-गिल सेक्शन में प्री नान इंटरलाकिंग और नान इंटरलाकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते रेल यातायात पर असर पड़ेगा। लुधियाना-गिल सेक्शन में 22 नवंबर से 28 दिसंबर तक 37 दिन बीपी-एनआई कार्य चलेगा।
जनवरी के पहले सप्ताह में ज्यादा ट्रेनें प्रभावित
कार्य के अंतिम चरण में छह से आठ जनवरी के दौरान कई प्रमुख रेलसेवाएं रद रहेगी। इनमें अंबाला-लुधियाना, लुधियाना-चंडीगढ़, चंडीगढ़-लुधियाना, लुधियाना-अंबाला, चंडीगढ़-अमृतसर, अमृतसर-चंडीगढ़, नंगल डैम-अमृतसर, अमृतसर-नगल डैम, अमृतसर-दिल्ली और दिल्ली-अमृतसर जैसी रेलसेवाएं शामिल है।
इसके अलावा अमृतसर-हरिद्वार, हरिद्वार-अमृतसर और अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट रेलसेवाओं पर भी असर पड़ेगा। जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और दिल्ली से चलने वाली लंबी दूरी की कुछ ट्रेने भी निर्धारित तारीखों पर रद रहेगी।


