Mustard Rate Hike: राजस्थान प्रदेश के अलवर मंडी में सरसों के भाव मांग बढ़ने से 10,200 रुपए प्रति क्विंटल के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया। सरसों की कीमतों में आई बढ़ोतरी से किसान खुश है, वहीं रिटेल में सरसों का तेल 210 रूपए प्रति लीटर पर जा पहुंचने से रसोई का खर्चा भी बढ़ गया है। सरसों के भाव में एक ही महीने में 1200 रुपए प्रति क्विंटल और सरसों तेल में 25 रुपए प्रति लीटर की तेजी आई है। कृषि उपज मंडी में अगले साल 2027 के फरवरी महीने से सरसों की नई फसल आने के बाद भाव में गिरावट की संभावना है।
मंडियों में सरसों की सप्लाई घटी
सरसों के तेल मिलों की मांग लगातार बढ़ रही है। जबकि मंडी में सरसों की आवक घट रही है। मंडी व्यापारी योगेश गोयल ने बताया कि शनिवार को सरसों 9200 से 10,200 रुपए प्रति क्विंटल बिकी। जिसके चलते दो दिनों में सरसों के भाव में 200 रुपए की तेजी देखने को मिली। दरअसल मंडी में औसतन 1000-1200 कट्टे सरसों ही आ रही है। जबकि अक्टूबर में 8 हजार से 9 हजार कट्टे की सप्लाई थी।
1 महीने में 25 रुपए प्रति लीटर बढ़े सरसों के तेल के दाम
तेल कारोबारी महेश अग्रवाल का कहना है कि शनिवार को सरसों तेल के भाव 190 से 210 रुपए प्रति लीटर रहे। ये अक्टूबर में 180 से 185 रुपए प्रति लीटर थे। महंगी सरसों के कारण दाम 1 महीनेमें ही ₹25 प्रति लीटर बढ़े हैं। सरसों पिराई करने वाले कारोबारी राकेश गुप्ता का कहना है कि 24 घंटे चलने वाले एक्सपेलर सरसों महंगी होने से दिन में 2-3 घंटे ही चलाते हैं।


