Bihar Highway Projects : पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार को चार बड़े रोड प्रोजेक्ट दिए है। इन चार प्रोजेक्ट से बिहार की रफ्तार बढ़ने वाली है और विकास के नए रास्ते खुलेंगे। इन प्रोजेक्ट से नेपाल सीमा से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक बिहार की सुपरफास्ट कनेक्टिविटी होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने चार रोड प्रोजेक्ट दिए
एनएच 227 एफ : बिहार के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण रहने वाली है। 34.57 किलोमीटर लंबा चोरमा-बैरागनिया खंड एनएच -27 और नेपाल सीमा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। इससे पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी के दूर-दराज के गांवों तक पहुंच बेहतर होगी, और सीमा-पार व्यापार तथा माल ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा।
एनएच 19 : इस नेशनल हाईवे के माध्यम से बिहार सहित कई राज्यों को लाभ मिलने वाला है। औरंगाबाद-चोरदाहा खंड का 39.70 किलोमीटर लंबा छह-लेन वाला हिस्सा दिल्ली-कोलकाता कॉरिडोर को मजबूत करेगा। इससे गया, औरंगाबाद, झारखंड के औद्योगिक क्षेत्र और प्रमुख बाजारों तक हर मौसम में तेज कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
एनएच 327 : केंद्र सरकार द्वारा दिए गए नेशनल हाईवे बिहार की तस्वीर को बदलने वाला कहा जा सकता है। 39.18 किलोमीटर लंबा उमगांव-सहरसा खंड (जिसमें बंगांव बाईपास और महिषी स्पर शामिल हैं) बाढ़ प्रभावित कोसी क्षेत्र में कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल देगा। इससे सुपौल-सहरसा के बीच संपर्क बेहतर होगा और कृषि व्यापार के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और तीर्थ स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी।
एनएच 139 W : 78.94 किलोमीटर लंबा साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड, जो एक ग्रीनफील्ड फोर-लेन कॉरिडोर है, पटना, बेतिया और भारत-नेपाल सीमा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। इससे साहेबगंज और बेतिया के बीच यात्रा का समय 2.5 घंटे से घटकर केवल एक घंटा रह जाने की उम्मीद है। साथ ही, इससे पर्यटन और माल ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा और लगभग 32 लाख 'मैन-डेज' के बराबर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के माध्यम से एक मजबूत भारत बनाने के प्रति अटूट संकल्प के लिए हार्दिक आभार। ये परिवर्तनकारी परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास में तेजी लाएंगी, आर्थिक संबंधों को मजबूत करेंगी और लाखों लोगों के लिए नए अवसर खोलेंगी।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।