New Bollywood Movie : फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति अभिनेता-निर्माता राज कुंद्रा जिला मोहाली के ऐतिहासिक गांव चप्पड़ चिड़ी पहुंचे। यहां अकाल फिल्म्स के बैनर तले आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्होंने निहंग समुदाय के इतिहास, दर्शन, शौर्य और देश की रक्षा में दिए गए योगदान पर आधारित एक हिंदी फिल्म की औपचारिक घोषणा की।
कार्यक्रम में शिल्पा शेट्टी ने सबसे पहले मंच पर आकर निहंग समुदाय की तारीफ की। उन्होंने कहा, ये एक ऐसा समुदाय है जो शौर्य से भरा हुआ है और जिसने जितना योगदान किया है, उसके बारे में लोगों को जानना चाहिए। शिल्पा ने अमरजीत और राज को अपनी तरफ से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे दिल से चाहते हैं कि यह फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने आगे बताया कि राज ने उन्हें एक बहुत अच्छी बात कही थी 'हम सिर्फ पंजाब तक सीमित क्यों रहें ये एक ऐसा सब्जेक्ट है जो यूनिवर्सल है, जिसके बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पता चलना चाहिए। इसलिए इस फिल्म को हिंदी में बनना चाहिए।' शिल्पा ने निहंग फिलॉसफी की सराहना की और कहा कि निहंग निस्वार्थ तरीके से सेवा करते हैं।
अंत में उन्होंने राज और पूरी टीम को सफलता की शुभकामनाएं दी। इसके बाद राज कुंद्रा ने बताया कि उनकी पहले जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज के साथ मीटिंग हुई थी, जिसमें बैठकर उन्होंने पूरी तरह समझ लिया कि फिल्म बनाते समय क्या अलाउड है और क्या नहीं, तथा मान-मर्यादा के साथ कैसे फिल्म बनानी है। उसके बाद वे जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह से भी मिले।
बाबा बलबीर सिंह ने उन्हें निहंग समुदाय के अंदर की कई बातें और गहन ज्ञान दिया, जो आम लोगों को नहीं पता होता। राज ने भावुक होते हुए कहा कि वे बाबा बलबीर सिंह को अपने वीर से भी ज्यादा मानते हैं। कार्यक्रम में मौजूद एक निहंग संत ने फिल्म की सराहना करते हुए ऐतिहासिक संदर्भ दिए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म 17वीं और 18वीं सदी से लेकर निहंग सिखों द्वारा इस देश की रक्षा में दिए गए योगदान पर बनाई जा रही है। मंच पर कई निहंग सिंह अपनी पारंपरिक नीली पोशाक, पगड़ी और शस्त्रों के साथ मौजूद थे। कार्यक्रम में एक बाज पक्षी भी मौजूद था।


