Train Schedule Change : कोटा रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होने वाले व वहां पर जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी है। रेलवे विभाग द्वारा कोटा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य चलेगा। इसके चलते स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के लिए 23 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 15 दिन का ब्लाक लिया जाएगा।
इस दौरान चार ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि चार ट्रेनों का संचालन कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन से होगा। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के स्टेशन और समय की जानकारी लेना जरूरी होगा। कोटा रेलवे प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ब्लॉक अवधि में प्लेटफॉर्म नंबर-2 ट्रेन संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। इस प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाली ट्रेनों को परिचालन सुविधा के अनुसार दूसरे प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों का संचालन सोगरिया स्टेशन से किया जाएगा।
सोगरिया तक इन ट्रेनों का होगा आवागमन
रेलवे विभाग द्वारा नोटिस जारी किया गया है कि ट्रेन संख्या 19812 इटावा-कोटा एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक सोगरिया स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी। ट्रेन 22984 इंदौर-कोटा एक्सप्रेस और 61634 बीना-कोटा मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक सोगरिया तक ही संचालित होंगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 61633 कोटा-बीना मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन से रवाना होगी। इसका प्रस्थान समय दोपहर 3.20 बजे निर्धारित किया गया है।
इन चार ट्रेनों का बदला गया रास्ता
ब्लॉक के दौरान चार एक्सप्रेस ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक तथा 12181 जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक सोगरिया-चम्बल केबिन-गुडला होकर चलेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस और 12182 अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक गुडला-चम्बल केबिन-सोगरिया होकर संचालित होंगी। ये चारों ट्रेनें ब्लॉक अवधि में कोटा स्टेशन नहीं आएंगी।


