Gold Loan Rules : देशभर में गोल्ड पर लोन लेने वालों को बड़ी राहत मिलने वाली है। अब कर्ज नहीं चुका पाने पर तुरंत ही उनका सोने की नीलमी नहीं होगी, बल्कि उनको कर्ज चुकाने का मौका दिया जाएगा। गोल्ड लोन कंपनियां अब कर्ज नहीं चुका पाने वाले ग्राहकों का गिरवी रखा सोना नीलाम करने के बजाय एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों (एआरसी) को ट्रांसफर करने का विकल्प चाहती है।
इससे ऐसे ग्राहकों को कर्ज चुकाने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकता है और वे अपना गिरवी रखा सोना वापस छुड़ा सकेंगे। गोल्ड लोन कंपनियों का कहना है कि सोना परिवारों की जमा-पूंजी होता है, जिसे नीलाम करने के बजाय ग्राहकों को उसे बचाने का एक और मौका मिलना चाहिए। पिछले एक साल में सोने की कीमतों में करीब 33 प्रतिशत गिरावट और गोल्ड लोन की भुगतान व्यवस्था में बदलाव से कई ग्राहक किस्त चुकाने में पिछड़ गए हैं।
कैसे काम करेगा एआरसी का विकल्प
एआरसी यानी एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी बैंकों और वित्तीय संस्थानों से दबाव वाले कर्ज खरीदकर उनकी वसूली का काम करती है। गोल्ड लोन कंपनियां भी ऐसे कर्ज एआरसी को ट्रांसफर करना चाहती हैं। इससे मूल कंपनी की बैलेंस शीट पर दबाव कम होगा और विशेष रिकवरी कंपनियों को कर्ज वसूलने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। ग्राहकों को भी बकाया चुकाकर अपना सोना छुड़ाने का एक और अवसर मिल सकता है।
एनपीए का दबा
अप्रेल 2026 से हर महीने ब्याज चुकाने की व्यवस्था लागू होने के बाद कुछ ग्राहकों के खाते डिफॉल्ट की श्रेणी में पहुंच गए हैं। कंपनियों को आशंका है कि ऐसे खाते एनपीए बनने पर उनके पास सोने की नीलामी के अलावा दूसरा विकल्प सीमित रह जाएगा। कई ग्राहक हर महीने ब्याज चुकाने के आदी नहीं हैं। भुगतान व्यवस्था में बदलाव के बाद कुछ खाते स्टेज-2 श्रेणी में पहुंच गए हैं। कंपनियों का मानना है कि नियामकीय स्पष्टता मिलने से ऐसे कर्ज का बेहतर समाधान हो सकेगा। हालांकि, एआरसी को कर्ज ट्रांसफर करने के लिए नियमों और पात्रता की स्पष्टता जरूरी है।
30 लाख कर्जदारों को मिलेगी राहत
देश में गोल्ड लोन का कुल बाजार करीब 22 लाख करोड़ रुपए का अनुमानित है। इस बाजार के करीब 5 फीसदी कर्ज को एआरसी के जरिए समाधान के लिए ट्रांसफर किया जा सकता है। इस व्यवस्था से करीब 30 लाख कर्जदारों को फायदा मिलने की संभावना जताई गई है। अधिक लोन-टू-वैल्यू अनुपात वाले ग्राहकों को हर महीने ब्याज चुकाना पड़ता है, जबकि करीब 50 फीसदी एलटीवी वाले ग्राहकों के लिए एकमुश्त भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध है।


