Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

पानीपत को मिलेगा नया रोड कॉरिडोर, 14.28 करोड़ से बढ़ेगी दो मुख्य रोड की कनेक्टिविटी

पानीपत को मिलेगा नया रोड कॉरिडोर, 14.28 करोड़ से बढ़ेगी दो मुख्य रोड की कनेक्टिविटी

Haryana Infrastructure : हरियाणा सरकार द्वारा शहरों में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। जहां पर एक मार्ग से दूसरे मार्ग को जोडने के लिए नई सड़कों का विकल्प तलाशा जा रहा है। पानीपत लोक निर्माण विभाग बरसत रोड से सनौली रोड की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने जा रहा है। इसके लिए ड्रेन नंबर-2 रोड को नए सिरे से बनाएगा। पीडब्ल्यूडी ने 14.28 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत का ई-टेंडर जारी किया है। 9 माह में सड़क बनाने का लक्ष्य रखा है।

इसकी प्रमुख विशेषता पर्यावरण अनुकूल हरित तकनीक का प्रयोग है। मौजूदा क्षतिग्रस्त बिटुमिन सतह को कोल्ड मिलिंग मशीन से उखाड़कर रिसाइक्लिंग प्लांट तक ले जाया जाएगा। उखाड़े गए मटेरियल (बिटुमिन व गिट्टी के मिश्रण) का न्यूनतम 80% हिस्सा प्राप्त किया जाएगा। नई सड़क की 50 से 75 मिमी मोटी डीबीएम (डेंस बिटुमिन मैकाडम) परत के निर्माण में इसी रिसाइकल्ड एस्फाल्ट (आरएपी) की 30% मात्रा मिलाई जाएगी।

रोड में 70% नया मटेरियल (वीजी-30 बिटुमिन, नई गिट्टी व रीजुवेनेटर) मिलाया जाएगा। इसके ऊपर 30 से 45 मिमी मोटी बिटुमिन कंक्रीट (बीसी) की सतह बिछाई जाएगी। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदार के पास कार्यस्थल के 50 किमी दायरे में आरएपी मिक्सिंग सुविधा युक्त बैच टाइप हॉट मिक्स प्लांट होना अनिवार्य है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सवित पन्नू ने कहा कि 7 दिसंबर को टेंडर पर तकनीकी बोली लगाई जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द काम शुरू होगा।

जलभराव रोकने के लिए तकनीकी निकासी

सड़क पर जलभराव रोकने के लिए पीडब्ल्यूडी ने सख्त मानक तय किए हैं। नाला निर्माण प्रारंभ करने से पूर्व उसका एल-सेक्शन और एक्स-सेक्शन मानचित्र तथा जल निपटान योजना सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (एसई) से लिखित में स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा। मार्ग पर सभी पुलियों व छोटे पुलों का निर्माण आईआरसी-एसपी-13 मानकों के अनुरूप किया जाएगा। सड़क किनारे जल बहाव को नियंत्रित करने के लिए कर्ब लेइंग मशीन से 1,120 मीटर लंबा एम-20 ग्रेड कास्ट-इन-सिचु सीमेंट कंक्रीट कर्ब बनाया जाएगा। निर्माण अवधि में जलनिकासी की संपूर्ण व्यवस्था ठेकेदार अपने खर्च पर करेगा।

फील्ड लैब बनाई जाएगी 28 दिनों में साइट पर

नई सड़क बनाने के बाद ठेकेदार को 4 वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि में बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के सड़क का रखरखाव करना होगा। यह पहला मौका होगा, जब पानीपत में 4 साल की मेंटेनेंस पर कोई सड़क बनेगी। ठेकेदार को 28 दिन के भीतर साइट पर फील्ड लैब स्थापित करनी होगी। विभागीय निगरानी के अतिरिक्त थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (टीपीआई) से गुणवत्ता की जांच होगी, जबकि बिटुमिन की खरीद केवल रिफाइनरी से की जाएगी। खुदाई से पूर्व भूमिगत केबलों की सुरक्षा हेतु कॉल बिफोर यू डिग (सीबड) ऐप का उपयोग अनिवार्य किया गया है।

क्रैश बैरियर और 145 साइन बोर्ड लगेंगे

सड़क किनारे 550 मीटर लंबा टाइप-ए डब्ल्यू बीम मेटल क्रैश बैरियर लगेगा। 4,569.60 वर्ग मीटर क्षेत्र में रिफ्लेक्टिंग ग्लास बीड्स युक्त हॉट एप्लाइड थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग होगी। कुल 145 रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगेंगे, जिनमें 12 मीटर चौड़े 4 ओवरहेड, 6 कैंटिलीवर, 20 एडवांस डायरेक्शन, 20 हैजार्ड मार्कर, 15 चेतावनी, 20 अनिवार्य व 60 सूचनात्मक बोर्ड शामिल हैं