Sonipat Mini Bypass : सोनीपत शहर में रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए रोहतक रोड से ककरोई रोड को जोड़ने वाला 2.5 किलोमीटर लंबा और 33 फीट चौड़ा मिनी बाईपास बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। हालांकि, सड़क निर्माण पूरा होने के बावजूद महज एक बिजली के ट्रांसफार्मर के न हटने से इस नए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पा रही है। पहले बिजली के पोल शिफ्ट करने में हुई देरी के कारण काम लटका रहा और अब एक ट्रांसफार्मर के चलते पूरे प्रोजेक्ट का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है।
रोहतक रोड और ककरोई रोड के बीच सीधी कनेक्टिविटी न होने के कारण वाहन चालकों को मजबूरन शहर के अंदरूनी रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। वर्तमान में चालक सूरी पेट्रोल पंप वाली संकरी गली का इस्तेमाल कर ककरोई रोड से रोहतक रोड और यहीं से वापस ककरोई रोड पर आ रहे हैं। रास्ता बेहद तंग होने के कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। खासतौर पर सुबह और दोपहर के समय जब स्कूल बसें और भारी वाहन इस गली में प्रवेश करते हैं तो लंबा जाम लग जाता है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
2022 में बनी थी योजना, 4 करोड़ से हुआ निर्माण
रोहतक रोड से ककरोई रोड तक बनने वाले इस मिनी बाईपास की योजना मार्च 2022 में तैयार की गई थी ताकि बाहरी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश किए बिना सीधा बाहर के रास्ते निकाला जा सके। इसके बाद अगस्त 2024 में नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में इस प्रोजेक्ट के लिए 4 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी गई थी। बजट पास होने के बाद वर्ष 2025 में निर्माण कार्य शुरू किया गया। लेकिन सीवर लाइन डालने, पोल हटने में देरी के कारण 6 महीने के बजाय इसमें डेढ़ साल के करीब लग गया।
15 से 20 मिनट के समय की होगी बचत
नया मिनी बाईपास 33 फीट चौड़ा बनाया गया है, जिससे बड़े और छोटे वाहन बिना किसी रुकावट के सीधे रोहतक रोड पर निकल सकेंगे। इस मार्ग के शुरू होने से वाहन चालकों के करीब 15 से 20 मिनट के समय की बचत होगी और शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
सड़क बनने के दौरान रास्ते में आ रहे बिजली के पोल सबसे बड़ी बाधा बने हुए थे, जिन्हें शिफ्ट करने में काफी समय लगा। अब सभी पोल हटाकर सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है, लेकिन रास्ते के बीच आ रहे एक ट्रांसफार्मर को अभी तक शिफ्ट नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों अरुण, विकास, धर्मपाल का कहना है कि बिजली निगम चाहे तो इस ट्रांसफार्मर को महज कुछ ही घंटों में हटा सकता है, लेकिन विभागीय तालमेल की कमी के कारण मामला अटका हुआ है।
अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे एसडीओ
सोनीपत नगर निगम एसडीओ मंजीत दहिया ने बताया कि रोहतक रोड से ककरोई रोड को जोड़ने वाले 2.5 किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। पहले बिजली के पोल शिफ्ट हो चुके हैं। लेकिन एक ट्रांसफार्मर शिफ्ट होना बाकी है, जिसके लिए बिजली निगम के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। ट्रांसफार्मर हटते ही इस मार्ग को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।