Haryana Roadways Bus : हरियाणा रोडवेज अंतरराज्यीय बस सेवा का विस्तार करने की योजना बना रहा है। हरियाणा रोडवेज की सर्विस सीधे यूपी के शहरों से कनेक्ट होगी। रोहतक डिपो से रोडवेज की बसें अब सीधे आगरा और लखनऊ तक चलेंगी। प्रदेश सरकार ने दोनों अंतरराज्यीय रूटों पर बसों के संचालन के परमिट लेने के लिए आधिकारिक अनुमति प्रदान कर दी है। राज्य सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद स्थानीय रोडवेज प्रशासन ने अंतरराज्यीय समझौते के तहत उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग को औपचारिक डिमांड भेज दी है।
परमिट की फाइल उत्तर प्रदेश सरकार और वहां के संबंधित परिवहन अधिकारियों को भेज दी गई है। शुरुआती बातचीत में उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर मौखिक सहमति जताई है। उन्होंने जल्द लिखित परमिट जारी करने का भरोसा भी दिया है। जैसे ही उत्तर प्रदेश सरकार से काउंटर साइन होकर परमिट प्राप्त होंगे, दोनों रूटों पर बसों की समय-सारणी तय कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
वर्तमान में आगरा या लखनऊ जाने वाले यात्रियों को सीधी बस न होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को पहले दिल्ली या मथुरा-गाजियाबाद जाना पड़ता है। वहां से दूसरी बस या ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे यात्रा का समय बढ़ता है। सामान के साथ बार-बार वाहन बदलने में बुजुर्गों, महिलाओं और परिवारों को भारी दिक्कत होती है। सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों का सफर सुगम, सुरक्षित और किफायती हो जाएगा।
रोहतक डिपो संस्थान प्रबंधक हंसराज ने बताया कि आगरा और लखनऊ मार्ग पर रोडवेज की सीधी बस सेवा शुरू करने के लिए प्रदेश सरकार से परमिशन मिल चुकी है। परमिट जारी करने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग को डिमांड भेजी गई है। अधिकारियों ने मौखिक सहमति देते हुए जल्द अनुमति देने का भरोसा दिलाया है। परमिट प्रक्रिया पूरी होते ही दोनों रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।


