Police Promotion : चंडीगढ़ में पुलिस विभाग को प्रमोशन के तौर पर बड़ा तोहफा मिला है। चंडीगढ़ पुलिस में अधिकतर जवान हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के तैनात है। ऐसे में चंडीगढ़ के साथ हरियाणा, पंजाब व हिमाचल के परिवारों को खुशी मिली है। चंडीगढ़ पुलिस में पिछले 11 महीनों में इंस्पेक्टर से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के 1673 मुलाजिमों को प्रमोशन दी गई है।
वहीं, 12, 24 और 32 साल की सर्विस पूरी कर चुके 2313 अधिकारियों और मुलाजिमों को डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा लॉन्ग सर्विस मेडल देकर सम्मानित करेंगे। इसके लिए डीजीपी की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। डीजीपी ने सेक्टर-26 पुलिस लाइन के मल्टीपर्पज हॉल में मुलाजिमों के वेलफेयर को लेकर हुई बैठकों में प्रमोशन का मुद्दा उठाया था। लंबे समय से रुकी प्रमोशन को लेकर अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रास्ता निकाला गया।
इन रैंकों पर हुई प्रमोशन
11 इंस्पेक्टरों को पहले लोकल और फिर स्थायी रैंक देकर डीएसपी बनाया गया।
15 लोअर रैंक इंस्पेक्टर रेगुलर प्रमोट हुए।
99 सब-इंस्पेक्टरों को लोकल रैंक देकर इंस्पेक्टर बनाया गया।
79 लोकल रैंक इंस्पेक्टरों को स्थायी प्रमोशन दी गई।
21 एएसआई को लोकल रैंक देकर सब इंस्पेक्टर बनाया गया।
123 लोकल रैंक एएसआई को स्थायी किया गया।
85 हेड कांस्टेबल को लोकल रैंक देकर एएसआई बनाया गया।
11 कांस्टेबल वायरलेस में पक्के हेड कांस्टेबल बने।
42 कांस्टेबल रेगुलर हेड कांस्टेबल बने।
1189 कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल पीआर बनाया गया।
12, 24 और 32 साल की सर्विस पर मिलेगा मेडल
डीजीपी 12, 24 और 32 साल की सर्विस पूरी कर चुके अधिकारियों और मुलाजिमों को लॉन्ग सर्विस मेडल देंगे। इनमें 12 साल की सर्विस वाले 1 इंस्पेक्टर, 17 सब-इंस्पेक्टर, 12 एएसआई, 37 हेड कांस्टेबल और 2298 कांस्टेबल शामिल हैं। 23 साल की सर्विस पूरी करने वालों में 2 डीएसपी, 10 इंस्पेक्टर, 20 सब-इंस्पेक्टर, 27 एएसआई, 136 हेड कांस्टेबल और 12 कांस्टेबल हैं। 32 साल की सर्विस वालों में 8 डीएसपी, 10 इंस्पेक्टर, 83 सब-इंस्पेक्टर, 81 एएसआई, 421 हेड कांस्टेबल और 3 कांस्टेबल शामिल हैं।


