KMP Expressway : केएमपी टोल प्लाजा पर लग रहे जाम को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। वाहन चालकों को राहत देने के लिए सोनीपत प्रशासन ने केएमपी टोल को लेकर नया नियम निर्धारित किया है। केएमपी टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति बनने पर अब वाहन चालकों को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। टोल प्लाजा के कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि जाम लगते ही उस लेन को बिना टोल के निकलने दे, ताकि लोग जाम में फंसकर परेशान न हो।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अजय चोपड़ा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में एचएसआइआइडीसी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अधिक जाम लगने की स्थिति में टोल लेन को तुरंत फ्री करवाया जाए। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े 30 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
एडीसी अजय चोपड़ा के निर्देश पर एचएसआइआइडीसी अधिकारियों ने टोल संचालकों को नोटिस जारी करने, सीसीटीवी से निगरानी रखने और टोल लेन बढ़ाने की बात कही। वहीं, एनएच 44 पर बन रहे फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की समीक्षा के दौरान एनएचएआइ अधिकारियों ने बताया कि 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और 30 दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। इस एफओबी में अधिक क्षमता वाली लिफ्ट लगेगी, जिसकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे गार्ड तैनात रहेगा।
अवैध पार्किंग पर चलेगी क्रेन, कोहरे की तैयारी तेज
एडीसी ने कुंडली बार्डर से पूरे जिले में एनएच-44 पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए टोइंग व्हीकल तैनात करने और पुलिस के माध्यम से चालान काटने के निर्देश दिए। केजीपी टोल संचालकों को एंबुलेंस का जीपीएस डाटा साझा करने को कहा गया। आगामी धुंध के मौसम को देखते हुए सभी सड़कों पर व्हाइट मार्किंग करवाने तथा मंडियों व मिलों में आने वाली ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, महाराणा प्रताप चौक से ट्रक यूनियन रोड तक ड्रेन के फालआउट की समस्या के समाधान हेतु एक जांच कमेटी का गठन किया गया है।
यातायात नियमों की अनदेखी पर शिकंजा
सुरक्षित स्कूल वाहन पालिसी के तहत 12 स्कूल बसों के चालान
गलत दिशा में वाहन: 872 चालान
ब्लैक फिल्म: 815 चालान
ओवरस्पीड: 705 चालान
बिना हेलमेट 585
बिना सीट बेल्टः 384 चालान
मोबाइल प्रयोग 19 चालान
शराब पीकर वाहन चलाने पर : 7 चालान
नाबालिग द्वारा ड्राइविंगः 6 चालान
आरटीए विभाग द्वारा कार्रवाई: 245 चालान


