Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

दूध के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर असर, एमपी के इस शहर में डेयरी संचालकों ने किया नए रेट का ऐलान

दूध के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर असर, एमपी के इस शहर में  डेयरी संचालकों ने किया नए रेट का ऐलान

Milk Price Hike : महंगाई ने अब दूध के बजट पर भी सीधा वार किया है। पैक दूध के दाम बढ़ने के बाद अब खुले दूध की कीमतों में भी उबाल आने वाला है। उपनगर ग्वालियर में शनिवार, 21 नवंबर से दूध 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो जाएगा।

अभी तक 62 रुपए लीटर बिकने वाला दूध अब 65 रुपए में मिलेगा। वहीं, लश्कर क्षेत्र में भी दूध के दाम बढ़ाने को लेकर डेयरी संचालकों के बीच मंथन जारी है। हाल ही में मदर डेयरी, अमूल और सांची ने पैक दूध के दामों में 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। अब खुले दूध की बारी है। डेयरी संचालकों ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि सहालग सीजन की मांग निकलते ही कीमतें बढ़ाई जाएंगी।

इसी कड़ी में उपनगर ग्वालियर से बढ़ोतरी की शुरुआत हो रही है। दूध डेयरी व्यवसायी संघ संपूर्ण भारत के राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र मांडिल ने बताया कि 21 नवंबर से उपनगर ग्वालियर में दूध के दाम 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए जा रहे है। उधर, लश्कर क्षेत्र में भी गुरुवार रात तक कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर चर्चा चलती रही।

यहां 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए जाने की संभावना है। फिलहाल लश्कर में खुला दूध 60 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। यहां बता दें कि ग्वालियर में रोजाना खुले दूध की खपत 5 लाख लीटर से अधिक है। ऐसे में कीमतों में यह बढ़ोतरी हजारों परिवारों के रसोई बजट पर सीधा असर डालेगी।