Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

राजस्थान के इस शहर में बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 130 करोड़ से बनेगा स्टेडियम

राजस्थान के इस शहर में बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 130 करोड़ से बनेगा स्टेडियम

International Cricket Stadium : राजस्थान के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। कोटा के जेके पवेलियन क्रिकेट स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 130 करोड़ रुपए की लागत से स्टेडियम का पुनर्विकास किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास 25 नवंबर को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी भी शिलान्यास समारोह में आएंगे। अगस्त 2028 तक स्टेडियम का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

वर्तमान में करीब 2 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम को नए स्वरूप में विकसित कर करीब 10 हजार दर्शकों के बैठने योग्य बनाया जाएगा। यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के अनुरूप पिच, बड़ी बाउंड्री, आधुनिक पवेलियन, प्रसारण सुविधाएं, फ्लड लाइट और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। स्टेडियम तैयार होने के बाद कोटा में बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी का रास्ता खुल सकेगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देशन में इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की गई है। शिलान्यास की तैयारियां शुरू कर दी गई है।

टीवी पर लाइव प्रसारण की भी होगी सुविधा

स्टेडियम में आधुनिक ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके लिए टीवी प्रोडक्शन यूनिट स्थापित होगी, जिसमें कैमरा सेटअप, रिकॉर्डिंग और लाइव फीड प्रसारण की सुविधाएं होंगी। यहां से रेडियो और टीवी पर मैचों का प्रसारण किया जा सकेगा। डे-नाइट मैचों के आयोजन के लिए फ्लड लाइटें भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा स्टेडियम में जिम, एरोबिक्स सेंटर, टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग और लिफ्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

शिलान्यास के बाद तेज होगा निर्माण कार्य

केडीए सचिव मुकेश चौधरी के अनुसार, स्टेडियम के पुनर्विकास का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। करीब 130 करोड़ रुपए की लागत से यह काम कराया जाएगा। शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है और क्रिकेट अभ्यास भी बंद कर दिया गया है।

रणजी से आइपीएल तक के मैच हो सकेंगे

स्टेडियम तैयार होने के बाद कोटा को बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिल सकेगा। यहां रणजी ट्रॉफी और आइपीएल जैसे मुकाबले आयोजित होने की उम्मीद है। इससे शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध होगा। मैचों के आयोजन से होटल, परिवहन, स्थानपान और व्यापार से जुड़े क्षेत्रों को भी फायदा पहुंच सकता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित होने से कोटा की खेल पहचान को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।

मैदान से पवेलियन तक सब कुछ होगा नया

कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से जेके पवेलियन के पुनर्विकास की योजना तैयार की गई है। इसके तहत पूरे स्टेडियम परिसर को नया स्वरूप दिया जाएगा। मौजूदा मैदान और क्रिकेट पिच को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। बाउंड्री का विस्तार भी किया जाएगा, ताकि यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुरूप मुकाबले आयोजित हो सकें।

इसके साथ ही अलग से प्रैक्टिस पिच भी तैयार की जाएगी। मुख्य साउथ पवेलियन का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। वहीं, नॉर्थ पवेलियन में कमेंटेटर बॉक्स, ग्राउंड उपकरण रखने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था इस तरह विकसित की जाएगी कि स्टेडियम में हर जगह से मैदान का नजारा बेहतर दिखाई दे।

कोटा दक्षिण से विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटावासियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम देखने का सपना पूरा होने जा रहा है। लोकसभा अध्यक्ष के विजन के अनुरूप शहर को यह बड़ी सौगात मिलने वाली है।

कोटा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष की पहल पर कोटा के खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। स्टेडियम तैयार होने के बाद कोटा की धरती पर आइपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच देखने का अवसर मिलेगा।