Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जैसलमेर, बाड़मेर समेत 5 जिलों की बदलेगी खेती की तस्वीर, सूखे से निपटने के लिए 110 करोड़ की कृषि परियोजना शुरू

जैसलमेर, बाड़मेर समेत 5 जिलों की बदलेगी खेती की तस्वीर, सूखे से निपटने के लिए 110 करोड़ की कृषि परियोजना शुरू

Rajasthan Drought Relief : राजस्थान सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए बड़ी पहल की है। शुक्रवार को कृषि विभाग राजस्थान व इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स, हैदराबाद एवं सेंट्रल एरिड ज़ोन रिसर्च इंस्टीट्यूट जोधपुर के बीच में एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ।

इस परियोजना के तहत राजस्थान के सूखा प्रभावित पांच जिले जैसलमेर, नागौर, चूरू, जोधपुर एवं बाड़मेर में सूखा न्यूनीकरण परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के लिए 110 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।

इस परियोजना के लिए अंतर्राष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान द्वारा जैसलमेर, नागौर, चूरू जिलों में व सीएजेडआरआई द्वारा जोधपुर एवं बाड़मेर जिलों में सूखा से निपटने पर काम किया जाएगा। दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ संबंधित क्षेत्रों की स्थानीय जलवायु एवं कृषि परिस्थितियों के अनुरूप उन्नत फसल प्रबंधन तकनीकों, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों एवं प्रभावी कृषि मॉडलों के विकास तथा उनके प्रसार में सहयोग करेंगे।

इस साझेदारी के माध्यम से किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों, बेहतर फसल प्रबंधन एवं वैज्ञानिक पद्धतियों से अवगत कराया जाएगा। इससे कृषि सूखे के प्रभाव को कम करने, उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा फसल उत्पादन एवं कृषि उत्पादकता को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के शुष्क एवं अर्ध-शुष्क क्षेत्रों के किसानों को इस पहल का लाभ मिलेगा।

यह पहल प्रदेश में जलवायु अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही सूखा प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को अधिक सक्षम एवं सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।