Rohtak Delhi Highway : हरियाणा के एनसीआर में शामिल जिलों के सड़क नेटवर्क का विस्तार हो रहा है। एनएचएआई की तरफ से हरियाणा व दिल्ली बार्डर के रोड के लिए 359.63 करोड़ की परियोजना मंजूर की है। नेशनल हाईवे-9 पर टिकरी बॉर्डर तक के हिस्से के कायाकल्प को हरी झंडी मिल गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 6 लेन मुख्य कैरेजवे और सर्विस रोड के लिए 359.63 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से रोहतक और बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों की दिल्ली से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा मार्ग के स्ट्रेच को रिजिड पेवमेंट तकनीक से तैयार किया जाएगा। इससे भारी वाहनों के दबाव और मानसून के दौरान सड़क टूटने की समस्या खत्म होगी। इसके अलावा मुख्य मार्ग के साथ सर्विस रोड को निर्वाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी। प्रमुख चौराहों व जंक्शनों का भी सुधार किया जाएगा।
रोहतक-बहादुरगढ़ को मिलेगा सीधा लाभ
एनएच-9 केवल एक राजमार्ग नहीं, बल्कि हरियाणा और दिल्ली के बीच व्यापार की लाइफलाइन है। यह मार्ग दिल्ली के पंजाबी बाग, पीरागढ़ी, नांगलोई, मुंडका और टिकरी बॉर्डर जैसे घने व्यावसायिक व औद्योगिक इलाकों से होकर गुजरता है। वर्तमान में इस हिस्से पर क्षेत्रीय, उपनगरीय और भारी मालवाहक वाहनों का अत्यधिक दबाव खता है। पीक आवर्क्स में लंबा ट्रैफिक जाम लगता है। अपग्रेडेशन के बाद रोहतक के आईएमटी और बहादुरगढ़ के फुटवियर व अन्य उद्योगों का माल कम समय में दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों तक पहुंच सकेगा।
एनएचएआई के वरिष्ठ महाप्रबंधक विग्रेश वर्मा ने बताया कि एनएच-9 के अफोडेशन के लिए 359.63 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रोजेक्ट पर जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से चल रही हैं। अगले दो माह में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।


