Khatu Shyam Train : बाबा खाटूश्याम के दर्शन करने जाने वाले हरियाणा के श्रद्धालुओं को रेलवे विभाग द्वारा बड़ी राहत दी है। रेलवे विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों से होकर निकलने वाली ट्रेन का विस्तार किया है, ताकि खाटूश्यामजी के जन्मोत्सव पर जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सके। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने लोहारू-चिड़ावा झुंझुनूं के रास्ते संचालित रेवाड़ी-सीकर रेलसेवा का ढेहर का बालाजी (जयपुर) तक अस्थायी विस्तार करने का निर्णय लिया है।
इस सुविधा से क्षेत्र के यात्रियों को जयपुर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सहूलियत होगी। रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 54804 रेवाड़ी-ढेहर का बालाजी रेलसेवा 19 से 21 नवंबर 2026 तक तीन ट्रिप संचालित होगी।
यह ट्रेन रेवाड़ी से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर रात 11:05 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। इसी प्रकार, वापसी में गाड़ी संख्या 54803 ढेहर का बालाजी-रेवाड़ी रेलसेवा 20 से 22 नवंबर 2026 तक तीन ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन डेहर का बालाजी से सुबह 4:35 बजे रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
रेल यात्री संघ चिड़ावा के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने बताया कि देवउठनी एकादशी के अवसर पर रेलवे की यह विशेष व्यवस्था लोहारू, चिड़ावा और झुंझुनूं सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। जयपुर तक ट्रेन का विस्तार होने से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।


