Haryana Roadways : हरियाणा रोडवेज द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए बेड़े को बढ़ाया जा रहा है। परिवहन मुख्यालय की ओर से सोनीपत रोडवेज को 20 नई बसें अलाट की गई हैं। जल्द ही यह बसें डिपो के बेड़े में शामिल हो जाएंगी, जिसके बाद पुराने रूटों पर बसों के फेरे बढ़ने के साथ कई नए रूटों पर भी बस सेवा शुरू हो सकेगी।
जिले में सोनीपत डिपो और गोहाना सब बस डिपो संचालित हैं। दिल्ली-एनसीआर का प्रमुख केंद्र होने के कारण सोनीपत डिपो से दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और चंडीगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध है। गोहाना डिपो से भी कई राज्यों के लिए बसें चलती हैं। बसों की कमी के चलते यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन नई बसों के आने से यह परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
रोडवेज की अपनी बसों में होगी बढ़ोतरी
वर्तमान में सोनीपत रोडवेज के पास अपनी 144 बसें हैं, जिनमें से 99 सोनीपत और 45 गोहाना डिपो में हैं। 20 नई बसें मिलने के बाद यह संख्या बढ़कर 164 हो जाएगी। इससे निजी कंपनियों की किलोमीटर स्कीम की वसों पर रोडवेज की निर्भरता कम होगी। अभी सोनीपत डिपो में किलोमीटर स्कीम की 32 और गोहाना डिपो में 35 बसें चल रही हैं, जिनमें चालक निजी कंपनी का और परिचालक रोडवेज का होता है।
10 नई ई-बसें भी जल्द जुड़ने की संभावना
शहरी और लोकल रूटों पर परिवहन व्यवस्था सुधारने के लिए इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में सोनीपत डिपो में 15 ई-बसे हैं, जो गोहाना, पानीपत, दिल्ली, कुंडली और गन्नौर रूट पर चल रही हैं। रोडवेज ने यहां कुल 50 ई-बसें शामिल करने की योजना तैयार की है, जिसके तहत जल्द ही 10 नई ई-बसें मिलने की उम्मीद है। इनके संचालन के लिए जाट जोशी में नया चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा है।
सोनीपत रोडवेज डिपो जीएम संजय कुमार ने बताया कि मुख्यालय द्वारा सोनीपत जिले के लिए 20 बसों को अलाट किया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही उक्त बसें सोनीपत पहुंच जाएंगी। बसों की संख्या में बढ़ोतरी होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कारगर कदम उठाए जा रहे हैं।


