Haryana Sports Infrastructure : हरियाणा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। गुरुग्राम के सोहना खंड में दो अलग-अलग गांवों में बनने वाले स्टेडियमों पर 16 करोड़ रुपये अधिक खर्च आएगा। चार साल पहले मुख्यमंत्री ने गांव सरमथला और गांव टिकली में स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। इसी महीने की शुरुआत में हरियाणा खेल विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार ने बैठक में जिला खेल अधिकारी को आदेश दिए थे कि स्टेडियमों के निर्माण में आने वाले खर्च का आकलन कराया जाए।
दरअसल मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 में गांव सरमथला और टिकली में सात-सात एकड़ भूमि पर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। अभी तक इस घोषणा पर कोई अमल नहीं हुआ था। बनने वाले स्टेडियमों के निर्माण खर्च का आकलन अब कराया गया है। विभाग के उच्च अधिकारियों ने हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) से दोनों स्टेडियमों की लागत का आकलन कराने को कहा था।
खेल विभाग की प्रधान सचिव के आदेश थे कि हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) स्टेडियमों का निर्माण करेंगी। इसी लिए एचएसएएमबी से स्टेडियमों के निर्माण में आने वाले खर्च का आकलन कराया जाए। अब एचएसएएमबी ने एक आकलन में बताया है कि स्टेडियमों के निर्माण में आठ-आठ करोड़ रुपये खर्च आना है और यह बढ़ भी सकता है।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
गुरुग्राम में खेलों से संबंधित नौ घोषणाएं वर्ष 2016 से 2025 के बीच हुई हैं। आठ मई 2016 को हेलीमंडी में सात एकड़ जमीन पर स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई थी। वहां निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उसी दिन गांव फाजिलपुर बादली व गांव नवादा फतेहपुर और 19 जून 2016 को गांव वजीराबाद में स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई।
फिलहाल तो उसका निर्माण अधूरा है। वर्ष 2022 में पटौदी, मानेसर व गांव कासन और सरमथला, टिकली के अलावा 30 दिसंबर 2025 को नेहरू स्टेडियम में 100 खिलाड़ियों के लिए खेल होस्टल बनाने की घोषणा की गई। वहीं फाजिलपुर बादली और नवादा फतेहपुर में भी स्टेडियमों का निर्माण कार्य चल रहा है।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि हरियाणा खेल विभाग की प्रधान सचिव ने बैठक में सरमथला और टिकली के स्टेडियमों की लागत का ब्यौरा एचएसएएमबी से तैयार कराने का आदेश दिया था। एचएसएएमबी ने बताया है कि लगभग एक स्टेडियम में आठ करोड़ रुपये खर्च आएगा। खर्च कुछ बढ़ सकता है, लेकिन यह तय है कि दोनों स्टेडियम के निर्माण में 16 करोड़ रुपये खर्च आएगा ही।


