Haryana Health Facilities : हथीन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मौजूदा अस्पताल को 100 बेड तक अपग्रेड करने और बीएससी नर्सिंग कालेज स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए जमीन की उपलब्धता और योजनाओं की व्यवहार्यता जांची जाएगी। बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय हथीन में विधायक मोहम्मद इसराइल और उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन प्रस्तावों के अलावा क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था, सड़कों, स्टेडियम, सब्जी मंडी और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा हुई। इन योजनाओं के सिरे चढ़ने से हथीन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही क्षेत्र के युवाओं को नर्सिंग की पढ़ाई के अवसर भी मिलेंगे।
नहरों की मरम्मत से किसानों को मिलेगा लाभ बैठक में उटावड़ डिस्ट्रीब्यूटरी सहित क्षेत्र की अन्य नहरों और डिस्ट्रीब्यूटरियों की मरम्मत का मुद्दा भी उठा। सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को नहरों की स्थिति का आकलन करने और रखरखाव संबंधी कार्यों पर ध्यान देने को कहा गया।
इसके अलावा गांव मानपुर से सौंदहद तक परिक्रमा मार्ग की मरम्मत और सुधार का प्रस्ताव भी रखा गया। क्षेत्र में स्टेडियम, सब्जी मंडी, सामुदायिक भवन, लाइब्रेरी, सड़कों की मरम्मत और बहीन में उपतहसील भवन के निर्माण सहित कई अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री घोषणाओं, मेवात डेवलपमेंट और एमपी लैंड के तहत होने वाले कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
घोषणा से पहले तैयार करनी होगी रिपोर्ट
उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी विकास कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा या बजट में शामिल कराने से पहले उसकी तकनीकी और वित्तीय व्यवहार्यता जांची जाए। प्रत्येक प्रस्ताव की अनुमानित लागत और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।
यदि प्रस्तावित स्थान पर निर्माण संभव नहीं है तो वैकल्पिक जगह भी तलाश की जाए। विधायक मोहम्मद इसराइल ने क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और लंबित कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। बैठक में एसडीएम हरिराम, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिप के सीईओ आदि मौजूद रहे।


