Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सेवानिवृत्त सैनिकों की सैन्य रैंक के साथ '(सेवानिवृत्त)' लिखने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग

झुंझुनूं के आरटीआई कार्यकर्ता सूबेदार अनिल कुमार (सेवानिवृत्त) ने थल सेनाध्यक्ष को पत्र लिखकर सेवानिवृत्त सैनिकों के नाम और रैंक लिखने में एकरूपता की मांग की है।

भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सैनिकों के सम्मान और रैंक के उपयोग से संबंधित मांग का प्रतीक चित्र
झुंझुनूं के सामाजिक कार्यकर्ता सूबेदार अनिल कुमार (सेवानिवृत्त) ने थल सेनाध्यक्ष को प्रत्यावेदन भेजा है।

झुंझुनूं। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता सूबेदार अनिल कुमार (सेवानिवृत्त) ने भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) एवं अन्य सैन्य रैंक के कार्मिकों के नाम और सैन्य रैंक लिखने में एकरूपता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने थल सेनाध्यक्ष को औपचारिक प्रत्यावेदन भेजकर देशभर के सभी रिकॉर्ड कार्यालयों, पीएओ (ओआर) एवं संबंधित सैन्य प्रतिष्ठानों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

अनिल कुमार ने अपने प्रत्यावेदन में रक्षा मंत्रालय के 27 जुलाई 1983 के पत्र तथा सेना मुख्यालय के 7 अगस्त 1991 के नीतिगत पत्र का हवाला देते हुए बताया कि निर्धारित निर्देशों के अनुसार सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों की रैंक, नाम एवं अलंकरणों के बाद कोष्ठक में '(सेवानिवृत्त)' लिखने का प्रावधान है। इन नीतिगत निर्देशों में इसके लिए मानक प्रारूप भी निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीतिगत निर्देशों के बावजूद विभिन्न रिकॉर्ड कार्यालयों एवं प्रशासनिक प्रतिष्ठानों द्वारा सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ आधिकारिक पत्राचार में रैंक से पूर्व 'एक्स-सूबेदार', 'एक्स-सूबेदार मेजर' और 'एक्स-हवलदार' जैसे उपसर्गों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि संदर्भित नीति पत्रों में सैन्य रैंक के स्थान पर ऐसे उपसर्गों के प्रयोग का प्रावधान नहीं है।

उन्होंने कहा कि वर्षों की अनुशासित सेवा के बाद अर्जित सैन्य रैंक पूर्व सैनिक की सेवा पहचान और सम्मान का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए थल सेनाध्यक्ष से मांग की गई है कि देशभर के सभी रिकॉर्ड कार्यालयों, पीएओ (ओआर) एवं संबंधित सैन्य प्रतिष्ठानों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर आधिकारिक पत्राचार में निर्धारित नीति के अनुरूप सैन्य रैंक के साथ '(सेवानिवृत्त)' लिखने की एकरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

संपर्क: सूबेदार अनिल कुमार (सेवानिवृत्त), झुंझुनूं, राजस्थान।

सेवानिवृत्त सैनिकों की सैन्य रैंक के साथ '(सेवानिवृत्त)' लिखने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग