Haryana Metro News : हरियाणा से दिल्ली के बीच में मेट्रो की कनेक्टिविटी के लिए नया भूमिगत मेट्रो ट्रैक को बिछाने की दिल्ली सरकार द्वारा सैद्धांतिक अनुमति दे दी है। यह मेट्रो ट्रैक गुरुग्राम के राजीव चौक से दिल्ली के यशोभूमि (द्वारका सेक्टर 25) तक बनाया जाएगा। इस मेट्रो ट्रैक के बिछने के बाद हरियाणा से दिल्ली के विभिन्न क्षेत्र में जाना कुछ ही मिनटों का काम हो जाएगा और इसे बड़ी राहत मिलने वाली है।
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की तरफ से पूरा प्लान तैयार करके इसकी फाल को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को भेज दी है और अब इस फाइल को केंद्रीय कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। जहां पर हरी झंडी मिलते ही इस अंडरग्राउंड मेट्रो ट्रैक को बिछाने का काम शुरू हो जाएगा।
13,500 करोड़ रुपये से बिछेगी नई मेट्रो लाइन
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन की तरफ से गुरुग्राम के राजीव चौक से दिल्ली के यशोभूमि (द्वारका सेक्टर 25) तक बनने वाले मेट्रो ट्रैक के लिए करीब 13,500 करोड़ रुपये का बजट बनाया है। इस परियोजना को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य है। 20 किलोमीटर लंबे रूट पर यशोभूमि के अलावा पांच स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। ट्रैक बनने पर इस मार्ग पर रोजाना करीब डेढ़ लाख लोग सफर कर सकेंगे। पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम के लोगों को आवागमन के लिए मेट्रो का नया विकल्प मिलेगा।
फिलहाल, दिल्ली से यलो लाइन पर गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो चलती है। नए रूट से गुरुग्राम के लोगों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक कम समय में पहुंचने का विकल्प मिलेगा। इसके लिए उन्हें यशोभूमि पर मेट्रो बदलनी होगी। इस ट्रैक का सर्वे पूरा हो चुका है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार है।
योजना को आगे बढ़ाने के लिए डीएमआरसी के अधिकारी जल्द हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें भूमि की उपलब्धता सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। इस रूट को राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत (रैपिड रेल) ट्रेन से इफको चौक या राजीव चौक के पास जोड़कर इंटरचेंज स्टेशन बनाने की योजना है। केंद्रीय शहरी एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दो माह के भीतर अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर ट्रैक निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।


