Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सीएम नायब सैनी का बड़ा एक्शन, हर विधानसभा की विकास घोषणाओं का होगा हिसाब

सीएम नायब सैनी का बड़ा एक्शन, हर विधानसभा की विकास घोषणाओं का होगा हिसाब

Haryana News : हरियाणा की हर विधानसभा व जिला के विकास कार्यों का हिसाब होगा। इन कार्यों का हिसाब खुद सीएम नायब सैनी विधायकों व मंत्रियों की बैठक लेकर करेंगे। दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार की घोषणाओं का आडिट करेंगे। 25 नवंबर को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।

इसमें घोषणाओं के क्रियान्वयन की जिलावार और विधानसभावार समीक्षा होगी। बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, भाजपा विधायक व सरकारी विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री केवल प्रगति रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घोषणाओं को पूरा करने में देरी और लापरवाही पर अधिकारियों से सीधे जवाबतलबी भी करेंगे।

प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं की स्थिति, उनके लिए जारी बजट और अब तक हुए खर्च का ब्योरा सामने आएगा। इससे यह भी स्पष्ट होगा कि सरकार की प्राथमिकताएं किस स्तर तक धरातल पर पहुंची हैं और किन क्षेत्रों में घोषणाएं अभी फाइलों तक सीमित हैं तथा लंबित घोषणाओं को पूरा करने में कहां बाधा आ रही है।

मुख्यमंत्री के पास वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है। ऐसे में सीएम घोषणाओं की समीक्षा का महत्व और बढ़ जाता है। प्रदेश सरकार जहां मौजूदा घोषणाओं को पूरा करने की समय सीमा और बजट खर्च का आकलन करेगी, वहीं मुख्यमंत्री वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियों में भी जुटे हैं। ऐसे में विभागवार समीक्षा के आधार पर आगामी बजट में विकास कार्यों और नई योजनाओं के लिए प्राथमिकताएं तय करने की दिशा स्पष्ट होगी।

मुख्यमंत्री की इस बैठक में विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याएं और लंबित विकास कार्य उठाने का अवसर भी मिलेगा। सभी विधायकों को पूरे रिपोर्ट कार्ड के साथ बैठक में पहुंचने के लिए कहा गया है। अधिकारी भी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इससे सरकार और विधायकों के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का संदेश भी जाने वाला है।

विस सत्र से पहले तैयार होगी रणनीति

बैठक के अगले दिन यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होगा। भाजपा विधायक दल की बैठक के जरिए मुख्यमंत्री जहां अपने विधायकों के साथ सीधा संवाद करेंगे, वहीं सरकार के विकास एजेंडे और संगठनात्मक तालमेल को भी धार देने की कोशिश करेंगे। कुल मिलाकर, 25 नवंबर की बैठक सरकार के दो साल के कामकाज का आंतरिक आडिट साबित हो सकती है।