Motor Vehicle Rules : देशभर में वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) को लेकर चल रही सख्ती को लेकर केंद्र सरकार नरम हुई है। इसको लेकर सबसे ज्यादा परेशान दिल्ली एनसीआर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के लोग परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) की वैधता अवधि में बदलाव किया है। इसके तहत बीएस-6 मानक वाले वाहनों के मालिकों को अब हर साल प्रदूषण की जांच नहीं करानी पड़ेगी। वाहन की उम्र के हिसाब से पीयूसी सर्टिफिकेट के नवीनीकरण की अवधि तय की गई है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन किया है। 13 नवंबर को अधिसूचित नए नियमों के अनुसार, छह साल तक पुराने निजी बीएस-6 वाहनों को हर तीन साल में पीयूसी प्रमाणपत्र लेना होगा। छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों के प्रमाणपत्र का हर साल नवीनीकरण कराना होगा।
10 साल से अधिक पुराने निजी बीएस 6 वाहनों के प्रमाणपत्र का नवीनीकरण हर छह महीने में कराना होगा। नए नियमों के तहत पुराने वाहनों को वर्तमान व्यवस्था की तुलना में अधिक बार प्रदूषण जांच करानी होगी। वर्तमान नियम में बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 के पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता छह और बीएस-4 के लिए 12 माह है।
यह है अब पीयूसी सर्टिफिकेट नवीनीकरण के लिए नई व्यवस्था
बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 वाहनों के लिए : तीन महीने
बीएस-4 वाहन: छह महीने
बीएस-6 निजी वाहन पहली बार पंजीकरण की तिथि से छह वर्ष तकः तीन वर्ष
छह से 10 वर्ष तक पुराने वाहन के लिए : एक वर्ष
10 वर्ष से अधिक पुराने वाहन के लिए : छह महीने
बीएस-6 परिवहन वाहन पहली बार पंजीकरण की तारीख से छह वर्ष तकः दो साल
छह से 10 वर्ष तक पुराने वाहन : एक साल
10 वर्ष से अधिक पुराने वाहन : छह महीने।
वाहन की उम्र ऐसे होगी तय
निजी वाहन से आशय गैर परिवहन वाहन जैसे निजी कार और बाइक से है, जबकि परिवहन वाहन का मतलब टैक्सी, बस और मालवाहक वाहन से है। पहली बार ही रजिस्ट्रेशन करवाने के साथ ही वाहन की आयु की गणना की शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ में कहा गया है कि यदि किसी वाहन का पीयूसी प्रमाणपत्र संशोधन लागू होने से पहले बना हुआ है और उसकी वैधता छह महीने है तो ऐसी स्थिति में नए नियम लागू होते ही पुराने प्रमाण पत्र की वैधता नहीं बदलेगी। जब वाहन मालिक पहली बार पुराने प्रमाण पत्र का नवीनीकरण कराएगा, तभी नई वैधता अवधि लागू होगी।


