Railway Block : एमपी के रास्ते ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। रेलवे विभाग की तरफ से बड़ा ब्लाक करने वाला है। यह ब्लाक एक या दो दिन नहीं, बल्कि पूरे 40 दिन रहे वाला है। रेलवे विभाग की तरफ से यह ब्लाक ट्रैक निर्माण के चलते किया गया है। इसके कारण 58 ट्रेनों के प्लेटफार्म बदलने वाले है।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रैक निर्माण कार्य के चलते 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक रेल यातायात में व्यापक बदलाव किया गया है। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा 40 दिनों तक चलने वाले इस कार्य के कारण 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए है, जबकि कई ट्रेनों को निरस्त, डायवर्ट और आंशिक रूप से संचालित किया जाएगा।
ग्वालियर अंचल के यात्रियों पर विशेष असर पड़ेगा। ग्वालियर से चलने और गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123) तथा बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस (11124) को 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय इटावा होकर चलाया जाएगा। ग्वालियर बरौनी ट्रेन प्रतिदिन तथा वापसी ट्रेन भी प्रतिदिन परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
इसके अलावा ग्वालियर-फिरोजपुर (14622) और बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (14314) ट्रेने झांसी के बजाय गुना होकर बीना जाएंगी। बरेली-इंदौर (14320) भी ग्वालियर-गुना-रूठियाई-मक्सी मार्ग से चलेगी। ग्वालियर से नई दिल्ली जाने वाली 12279 तथा दिल्ली से ग्वालियर आने वाली 12280 ट्रेनें निर्धारित अवधि में ग्वालियर से ही प्रारंभ और समाप्त होंगी। खजुराहो-उदयपुर ट्रेन दतिया से प्रारंभ होगी तथा वापसी ट्रेन दतिया में समाप्त होगी।
ऐसे में यात्रियों को यात्रा करने से पहले इन दिनों ट्रेनों का शेड्यूल पूरी तरह से देख ले, नहीं तो उनको परेशानी हो सकती है। हालांकि रेलवे विभाग की तरफ से ट्रेनों से संबंधित पूरा शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया गया है, ताकि यात्रियों को परेशानी नहीं हो।


