Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों की बढ़ी मुश्किल, 16 जोड़ी स्पेशल ट्रेन भी पड़ी कम

यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों की बढ़ी मुश्किल, 16 जोड़ी स्पेशल ट्रेन भी पड़ी कम

Chhath Special Train : छठ पूजा पर यूपी, बिहार व पश्चिम बंगाल जाने वाली यात्रियों का सफर कठिन हो गया है। रेलवे विभाग द्वारा स्पेशल ट्रेन चलाने के बाद भी इन राज्यों के यात्रियों को राहत नहीं मिली है। छठ पर्व से ऐन पहले घर लौटने की चाह में यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पहुंच रहे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को इस स्थिति से जूझना पड़ रहा है।

रेलवे ने 16 जोड़ी विशेष ट्रेनों को ठहराव दिया है, फिर भी यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो पाई हैं। दरअसल, अंबाला से उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल जाने वाली ट्रेनें पहले से ही खचाखच भरकर पहुंच रही हैं। सामान्य बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं है तो स्लीपर कोच भी यात्रियों से अटे पड़े हैं।

कई बोगियों के दरवाजे अंदर से बंद होने के कारण बाहर खड़े यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। परिवार और सामान के साथ पहुंच रहे लोगों के लिए ट्रेन में सफर से पहले उसमें चढ़ना ही चुनौती बना हुआ है।

दीपावली और छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ ने रेलवे के अतिरिक्त इंतजामों की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के प्लाईवुड, मेटल और बर्तन उद्योगों में काम करने वाले श्रमिक भी परिवार सहित अपने घरों को लौट रहे हैं। एक साथ बढ़े यात्री दबाव के कारण ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही बोगियों के बाहर भीड़ जुट जाती है।

अंदर बैठे यात्री कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद दरवाजे नहीं खोलते। जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को भी दरवाजे खुलवाने के लिए कहना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई यात्री दरवाजे खोलने को तैयार नहीं होते हैं। इसके कारण खिड़कियों के अंदर से ही प्रवेश करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन यात्रियों को फिर भी इंट्री नहीं मिल रही है।