Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

कोटा से बूंदी तक बढ़ेगा पीएम ई बस सेवा का दायरा, केशवरायपाटन, कापरेन, तालेडा समेत कई कस्बों में ट्रायल शुरू

कोटा से बूंदी तक बढ़ेगा पीएम ई बस सेवा का दायरा, केशवरायपाटन, कापरेन, तालेडा समेत कई कस्बों में ट्रायल शुरू

PM E-Bus Service : प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का दायरा अब कोटा से आगे बूंदी जिले तक बढ़ाने की तैयारी है। कोटा बस सर्विस लिमिटेड (केबीएसएल) की ओर से बूंदी को सर्कुलर रूट से जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार से केशवरायपाटन, कापरेन, झालीजी का बराना, गेंडोली-खटकड़, बूंदी और तालेड़ा होते हुए नयापुरा तक बस का ट्रायल रन शुरू किया गया है। ट्रायल के सफल रहने और पर्याप्त यात्रीभार मिलने पर इस रूट पर नियमित बस सेवा शुरू की जा सकती है।

ट्रायल रन का जायजा लेने महापौर अनुसुईया गोस्वामी स्वयं गेंडोली पहुंची। यहां क्षेत्र के लोगों ने उनका स्वागत किया और बस सेवा शुरू करने की पहल के लिए आभार जताया। महापौर ने आमजन से बातचीत कर रूट पर यात्रीभार और बस सेवा की उपयोगिता के बारे में जानकारी ली।

कोडक्या बालाजी तक बस का बढ़ाया जाएगा दायरा

पीएम ई-बस सेवा के तहत पहले नयापुरा से रडी चढ़ी तक बसों का संचालन किया जा रहा था। श्रद्धालुओं और आमजन की मांग पर महापौर के निर्देश से नवरात्र के दौरान इस सेवा का विस्तार कोडक्या बालाजी मंदिर तक किया गया था। अब इसी रूट को आगे बढ़ाकर बूंदी के सर्कुलर रूट के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

ई बस सेवा से दो जिलों को मिलेगा लाभ

महापौर ने बताया कि कोटा में पहले से सर्कुलर रूट पर बस सेवा संचालित है। बूंदी का सर्कुलर रूट भी शुरू होने से कोटा और बूंदी दोनों जिलों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। पीएम ई-बस सेवा से यात्रियों को सस्ती, सुलभ और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक टायल रन जारी रहेगा। इस दौरान यात्रीभार और संचालन की व्यवहारिकता का आकलन किया जाएगा। इसके बाद ही रूट पर नियमित बस सेवा शुरू करने को लेकर निर्णय किया जाएगा।