Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

राजस्थान के इस शहर को मिलेगा पहला स्मार्ट सिक्सलेन रोड, 40 करोड़ से तैयार हो रही स्मार्ट रोड

राजस्थान के इस शहर को मिलेगा पहला स्मार्ट सिक्सलेन रोड, 40 करोड़ से तैयार हो रही स्मार्ट रोड

Kota Smart Road : राजस्थान में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। शिक्षा नगरी कोटा को देव दिवाली के बाद पहले स्मार्ट रोड की सौगात मिलने जा रही है। इस मार्ग पर वाहन चालकों और राहगीरों को क्लीन-ग्रीन रोड के साथ चौड़ी सड़क और सर्विस लेन की सुविधा मिलेगी।

सड़क के डिवाइडरों पर केबलों का जाल नजर नहीं आएगा, वहीं रात में हाईमास्ट लाइटों की दूधिया रोशनी मार्ग की सुंदरता बढ़ाएगी। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने एरोड्राम सर्कल से डीसीएम सर्कल तक पांच किमी लंबी सड़क को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आदर्श रोड के तौर पर विकसित किया है। इस मार्ग पर दो अलग-अलग चरणों में करीब 40 करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केडीए अधिकारियों को शहर में स्मार्ट आदर्श रोड विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद केडीए ने कार्ययोजना तैयार की। लोकसभा अध्यक्ष के विजन और मंशा के अनुरूप शहर की सबसे सुंदर, चौड़ी और हरियाली से युक्त सड़क विकसित की जा रही है।

शहर की पहली सिक्सलेन रोड

केडीए की ओर से शहर की प्रमुख सड़क एरोड्राम सर्कल से डीसीएम चौराहे तक सिक्सलेन रोड बनाई जा रही है। इस पर आवागमन के लिए दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन बनाई गई है। प्रत्येक लेन की चौड़ाई 3.50 मीटर रखी गई है। इसके लिए सड़क के दोनों ओर की खाली जमीन को केडीए ने अपने कब्जे में लेकर मार्ग का चौड़ीकरण किया है। इस स्मार्ट रोड को हैरिटेज लुक भी दिया जा रहा है। इसके डिवाइडर और ग्रीन स्पेस की दीवारों पर धौलपुर स्टोन लगाया जा रहा है। इसके अलावा सड़क के किनारे बड़ा नाला बनाया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी सड़क पर नहीं फैले।

दोनों तरफ सात मीटर चौड़ी सीसी सर्विस लेन

पांच किलोमीटर लंबे इस स्मार्ट रोड पर दोनों तरफ सात-सात मीटर चौड़ी सीसी सर्विस लेन भी बनाई जा रही है। इस तरह दोनों सर्विस लेन की कुल चौड़ाई 14 मीटर होगी। सिक्सलेन सड़क और सर्विस लेन के बीच ग्रीन स्पेस किया यस विकासात किया गया है। निर्माण प्रावधानों का ध्यान रखा जा रहा है। पॉलिटेक्निक कॉलेज और आइटीआइ की दीवार से सटी सर्विस लेन को आकर्षक बनाने के लिए लैंडस्केपिंग की जा रही है। यहां फूलों की क्यारियां और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे।

विकसित किया मिनी पहाड़ी जैसा पार्क

इस मार्ग पर खाली जमीन पर पहले कचरे और कबाड़ का ढेर लगा रहता था। अब इस जगह को मिट्टी से समतल कर मिनी पहाड़ी जैसा स्वरूप दिया गया है। यहां घास लगाकर सजावटी पौधे लगाए जा रहे है। इससे स्मार्ट रोड की सुंदरता में और निखार आएगा।

सड़क की चौड़ाई व हरियाली पर जोर

केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि एरोड्राम सर्कल से डीसीएम सर्कल तक पांच किलोमीटर लंबी सड़क को आदर्श रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ हरियाली का भी पूरा ध्यान रखा गया है। रोड सेफ्टी पर विशेष जोर दिया गया है। लोकसभा अध्यक्ष के विजन के अनुरूप स्मार्ट रोड तैयार की जा रही है।