Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

दिल्ली बनेगा बुलेट ट्रेन का बड़ा हब, 1557 किमी लंबे कारिडोर से जुड़ेंगे यूपी, बिहार, बंगाल और राजस्थान

दिल्ली बनेगा बुलेट ट्रेन का बड़ा हब, 1557 किमी लंबे कारिडोर से जुड़ेंगे यूपी, बिहार, बंगाल और राजस्थान

Bullet Train India : केंद्र सरकार द्वारा देश के रेल नेटवर्क को सुपरफास्ट बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इन सुपरफास्ट रेल नेटवर्क का मुख्य केंद्र देश की राजधानी दिल्ली रहने वाली है। जहां पर दिल्ली से चारों दिशाओं से बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जुड़ने वाला है। इसके लिए केंद्र सरकार ने दिल्ली को देश के हर केंद्र से जोड़ने के लिए बड़े बुलेट ट्रेन नेटवर्क का प्लान तैयार कर लिया है।

मुंबई अहमदाबाद के बाद दिल्ली से देश के अलग-अलग हिस्सों में तीन हाईस्पीड रेल कोरिडोर विकसित करने की योजना को जमीन पर उतारने में तेजी आई है। इनमें दिल्ली-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कारिडोर सबसे लंबा होगा। इस 1557 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित नेटवर्क के तहत 22 स्टेशन विकसित करने की योजना बताई गई है।

यह दो चरणों में होगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने पहले चरण के दिल्ली-वाराणसी कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रेल मंत्रालय को सौंप दी है। हालांकि मंत्रालय ने इसको अभी फाइनल नहीं किया है।

दिल्ली से वाराणसी बुलेट कॉरिडोर प्लान

केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित किए गए दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कोरिडोर करीब 813 किलोमीटर लंबा होगा। इसका शुरुआती स्टेशन दिल्ली में सराय काले खां प्रस्तावित है। इसके बाद नोएडा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कन्नौज, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, भदोही होते हुए वाराणसी तक ट्रेन पहुंचाने की योजना है। लखनऊ से अयोध्या को जोड़ने के लिए अलग लिंक लाइन का प्रस्ताव भी है।

बिहार और बंगाल तक बुलेट ट्रेन का होगा विस्तार

केंद्र सरकार के प्लान के मुताबिक वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक हाईस्पीड रेल नेटवर्क बनाने की योजना है। बिहार में बक्सर, आरा, पटना, मोकामा, बेगूसराय, कटिहार और किशनगंज समेत कई शहर संभावित स्टेशन होंगे। ट्रेन पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी तक जाएगी। कॉरिडोर से बिहार और पश्चिम बंगाल के प्रमुख शहरों को राजधानी से तेज रेल संपर्क मिलेगा। पटना में प्रस्तावित स्टेशन के लिए भी जमीन चिहिनत करने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

दिल्ली से जयपुर और अहमदाबाद तक भी बुलेट ट्रेन

दिल्ली को केवल पूर्वी भारत ही नहीं, बल्कि राजस्थान और गुजरात से जोड़ने के लिए भी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर प्रस्तावित है। दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-अहमदाबाद रूट राजस्थान के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। इसके तहत जयपुर के अलावा किशनगढ़, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर जैसे शहरों को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। आगे यह रूट अहमदाबाद तक पहुंचेगा और यहां से मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जुड़ने की संभावना बनेगी।

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट 62 प्रतिशत हुआ पूरा

अहमदाबाद-सूरत-मुंबई मार्ग पर देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का तेजी से काम चल रहा है। परियोजना का सितंबर तक करीब 62% काम पूरा हो चुका है। रेलवे सूत्रों के अनुसार सूरत से वापी के बीच पहली बुलेट ट्रेन अगस्त 2027 में शुरू होगी।