Success Story : टेलेंट कभी हार नहीं सकता है और उसकी मेहनत के आगे सफलता हमेशा कदम चूमती है। ऐसा ही कर दिखाया हरियाणा के आदमपुर मंडी की दृष्टि मित्तल ने। दृष्टि मित्तल हरियाणा न्यायिक सेवा में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं और उनके पति जतिन मित्तल वर्तमान में उत्तराखंड राज्य में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के पद पर कार्यरत हैं।
इसलिए दृष्टि मित्तल ने हरियाणा से जज की नौकरी छोड़कर उत्तराखंड में किस्मत को अजमाया। जहां पर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से घोषित उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2023 के अंतिम परिणाम में आदमपुर के हाई स्कूल रोड निवासी सुनील मित्तल की पुत्रवधू दृष्टि मित्तल ने शानदार सफलता हासिल करते हुए समग्र मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
दृष्टि मित्तल की यह सफलता उनकी वर्षों की मेहनत, लगन, अनुशासन और न्यायिक क्षेत्र के प्रति समर्पण का परिणाम है। खास बात यह है कि वह इससे पहले हरियाणा न्यायिक सेवा में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। इसके बाद उन्होंने अपने पेशेवर लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में भाग लेने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने हरियाणा न्यायिक सेवा से नियमानुसार विधिवत पदत्याग किया और अपनी प्रतिभा के दम पर परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की।
दृष्टि मित्तल का विवाह आदमपुर निवासी स्व. कश्मीरी लाल मित्तल के पौत्र जतिन मित्तल के साथ हुआ है। उनके पति जतिन मित्तल वर्तमान में उत्तराखंड राज्य में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के पद पर कार्यरत हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी कानून के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उत्तराखंड तक बढ़ाया परिवार का गौरव
दृष्टि मित्तल की इस सफलता से आदमपुर के लोगों में विशेष उत्साह है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि छोटे शहरों और कस्बों से निकलकर न्यायिक सेवा जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले प्रतिभाशाली युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। दृष्टि मित्तल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आदमपुर के गणमान्य नागरिकों, बार एसोसिएशन के सदस्यों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मित्तल परिवार को हार्दिक बधाई दी है।


