World-class sports complex : चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलने वाली है। इसके अलावा खिलाड़ियों, कोच, मीडिया, दर्शकों, जज कमेंटेटर तक के अलग-अलग लाउंज बनाए जाएंगे।
इसमें खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के मानक के हिसाब से ग्राउंड व सुविधाएं होने वाली है। इसके लिए मनीमाजरा में 16.19 एकड़ में वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। चंडीगढ़ प्रशासन का इंजीनियरिंग विभाग इसका निर्माण करेगा। कंसल्टेंसी के लिए 6 नवंबर को रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) मांगी गई है।
कंपनियों को 20 नवंबर तक आवेदन करना होगा। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य नेशनल और इंटरनेशनल लेवल की खेल प्रतियोगिताओं, चैंपियनशिप और ट्रेनिंग कैंपों का सफल आयोजन करना है। इसके बाद चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूरे प्रदेशों के खेल परिसर में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि यही पर सुविधाएं मिल जाएगी। इसके अलावा इस वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बड़ी-बड़ी खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हो सकेगा।
खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं
एथलीट रिकवरी व मेडिकलः आइस बाथ, महिला-पुरुष चेंजिंग रूम, कोच रूम, मेडिकल रूम, डोपिंग रूम और रेस्ट जोन।
दर्शक व मीडिया जोनः सीढ़ीदार सिटिंग अरेंजमेंट, वीआईपी लाउंज, मीडिया ऑफिस, ब्रॉडकास्ट कंट्रोल रूम, जज व कमेंटेटर बॉक्स।
अन्य सुविधाएं : एक्सपो जोन, रिटेल व मर्चेंडाइज एरिया और कैफे।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की मुख्य विशेषताएं
कॉलम-फ्री स्ट्रक्चरः मुख्य ढांचा बिना खंभों वाला होगा। इसमें लंबे स्पैन के स्टील रूफ ट्रस का इस्तेमाल होगा ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों को बिना किसी रुकावट के पूरा दृश्य दिखे।
आउटडोर पैराबॉलिक ट्रैकः स्पीड स्केटिंग के लिए सीधी और घुमावदार पटरियों वाला पैराबॉलिक ट्रैक तैयार होगा। इसमें बेहतर ग्रिप, सेफ्टी जोन और एडवांस ड्रेनेज सिस्टम रहेगा।
3-स्टार ग्रिहा (GRIHA) ग्रीन बिल्डिंगः पर्यावरण संरक्षण के तहत 100% एलईडी लाइटिंग, सोलर वॉटर हीटर, सोलर रिफ्लेक्टेंस रूफ, डबल-ग्लेज्ड खिड़कियां और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी।


