Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

दिवाली पर 100 गुना फल देने वाला संयोज, जानिए लक्ष्मी पूजन के 5 सबसे शुभ मुहूर्त

दिवाली पर 100 गुना फल देने वाला संयोज, जानिए लक्ष्मी पूजन के 5 सबसे शुभ मुहूर्त

Diwali Auspicious Timing : इस बार दीपावली पर रविवार को आयुष्मान योग का विशेष संयोग बन रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस योग में किया गया जप-तप, पूजा-पाठ, हवन और दान 100 गुना अधिक फलदायी माना जाता है। दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए सुबह से देर रात तक पांच शुभ मुहूर्त रहेंगे।

इनमें दुकानों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में पूजा से लेकर घरों में लक्ष्मी-गणेश पूजन और निशिता काल में विशेष आराधना के अवसर शामिल हैं। दीपावली के अगले दिन सोमवार को सोमवती अमावस्या भी है। ऐसे में लगातार दो दिन पूजा-पाठ, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का संयोग बनेगा। सुख-समृद्धि की कामना के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा होगी, जबकि अगले दिन पितरों की आराधना, स्नान और दान का महत्व रहेगा।

दुकानों से लेकर घरों तक पूजा का समय

पहला मुहूर्तः सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक सर्वश्रेष्ठ लाभ-अमृत चौघड़िया रहेगा। दुकानों, कार्यालयों, उत्पादन इकाइयों और कारखानों में पूजा के लिए शुभ है।

दूसरा मुहूर्तः दोपहर 3 से 4:30 बजे तक शुभ-अमृत मुहूर्त रहेगा। परिवहन कारोबारियों, मॉल, दुकानों और गोदामों में पूजा कर सकते हैं।

तीसरा मुहूर्तः शाम 5:04 से 5:52 बजे तक गोधूलि लग्न रहेगा। घरों में लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए शुभ है।

चौथा मुहूर्तः शाम 6 से रात 9 बजे तक वृषभ लग्न का अमृत मुहूर्त रहेगा। घरों और दुकानों में पूजा की जा सकती है।

पांचवां मुहूर्तः रात 12:34 से 2:41 बजे तक सिंह लग्न रहेगा। मंदिरों और घरों में हवन व पूजा-पाठ के लिए शुभ माना गया है।

प्रदोष और वृषभ काल में लक्ष्मी पूजन विशेष फलदायी

सेक्टर-40ए स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य पं. भगवती प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि प्रदोष और वृषभ काल में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है। वहीं, निशिता काल में भी विशेष पूजा का महत्व है। खेड़ा शिव मंदिर, सेक्टर-28 के पुजारी सुभाष चंद शर्मा के अनुसार दीपावली की रात जागरण कर मां लक्ष्मी की आराधना करने की परंपरा है। इस दिन नई लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं की प्रतिष्ठापूर्वक पूजा की जाती है।

ऐसे करें लक्ष्मी-गणेश की पूजा

लकड़ी के पटरे पर लाल कपड़ा बिछाकर पूजा स्थान तैयार करें। सोने-चांदी के आभूषण और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं को दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से स्नान कराकर शुद्ध जल से धोएं। प्रतिमाओं पर रोली, मौली, अक्षत, कमल के फूल और कमल गट्टे की माला चढ़ाएं। मिठाई या जलेबी का भोग लगाकर आरती करें। लक्ष्मी चालीसा, श्रीसूक्त और कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें। रात में हवन कर खीर का भोग भी लगाया जाता है।

अगले दिन सोमवती अमावस्या, पितरों की पूजा का महत्व

कार्तिक अमावस्या रविवार रात 11:30 बजे शुरू होकर सोमवार दोपहर 12:30 बजे तक रहेगी। इस दिन पितरों की पूजा, पितृ गायत्री मंत्र का जाप और तीर्थस्थलों पर स्नान का महत्व है। इस दिन गौशाला में गाय को चारा खिलाने और पीपल की 108 बार परिक्रमा करने की परंपरा है। श्रद्धालु पीपल पर जल चढ़ाकर सफेद कच्चा धागा लपेटते हैं। तुलसी और शालिग्राम की पूजा के साथ कई लोग व्रत भी रखते हैं।