New 6 Lane Highway Rajasthan: राजस्थान प्रदेश के 8 जिलों के 200 से अधिक गांवों की बड़े शहरों से आने वाले समय में रोड कनेक्टिविटी मजबूत करने हेतु सरकार द्वारा नए सिक्स लेन ग्रीन फील्ड हाईवे की सौगात देने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि प्रदेश के वाहन चालकों का सफर आसान बनाने के लिए सरकार द्वारा नया 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे तीन राज्यों (राजस्थान, गुजरात, एमपी) के बीच भी रोड कनेक्टिविटी मजबूत करेगा। 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के बनने के बाद तीन राज्यों से रोड कनेक्टिविटी तो मजबूत होगी ही, साथ ही इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से जोधपुर, जयपुर, ब्यावर, पाली, जालोर, बालोतरा, किशनगढ़ और अजमेर जिले के बीच सड़क मार्ग का सफर आसान हो जाएगा। जी हां.... हम बात कर रहे हैं जयपुर-पचपदरा सिक्स लेन हाईवे की। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से रोड कनेक्टिविटी तो मजबूत होगी ही साथ ही जयपुर से जोधपुर का सफर तकरीबन 7 घंटे से घटकर मात्र चार घंटे का ही रह जाएगा।
208 गांव की बड़े शहरों से होगी कनेक्टिविटी
11492 करोड़ रुपए की लागत से जयपुर-पचपदरा 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण से कई बड़े शहरों के साथ गांवों का रोड कनेक्शन मजबूत हो जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से राजस्थान के तकरीबन 208 गांवों को जयपुर, अजमेर, जालौर, जोधपुर जैसे बड़े शहरों की यात्रा के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की रोड कनेक्टिविटी मिलेगी। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रॉपर्टी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिलेगा। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में रोजगार की दृष्टि से भी इस हाइवे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जोधपुर से आगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से होगा कनेक्ट
जयपुर-पचपदरा सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लगभग 400 किलोमीटर लंबा बनाया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे की जोधपुर से आगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी होने से राजस्थान प्रदेश के वाहन चालकों का मध्यप्रदेश और गुजरात तक का सफर आसान हो जाएगा। दौसा-लक्ष्मणगढ़ के पास इस हाइवे के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होने के बाद जयपुर जोधपुर सहित प्रदेश के कई जिलों के वाहन चालक प्रदेश के कोटा शहर से होते हुए एमपी के रतलाम और गुजरात के बड़ोदरा व सूरत शहर तक सफर कर सकेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से जोधपुर से मुंबई के बीच सफर में लगने वाला समय तकरीबन 8 घंटे कम हो जाएगा। वहीं जयपुर से जोधपुर के बीच सड़क मार्ग से लगने वाला समय तकरीबन 3 घंटे काम हो जाएगा।


