Udaipur News : राजस्थान की बालवाटिकाओं में अब पढ़ाई का तरीका बदलने वाला है। अब बच्चे का आकलन अंकों के आधार पर नहीं बल्कि उसके व्यवहार से होगा। जहां पर हर बच्चे की गतिविधियों को नोट किया जाएगा और उसके हिसाब से ग्रेड दिया जाएगा। बच्चे का आकलन कितनी अच्छी तरह बोलते हैं, दूसरों से कैसे घुलते-मिलते हैं, उनकी सीखने की आदतें कैसी है और वे शारीरिक व रचनात्मक गतिविधियों में कितना आगे बढ़ रहे है, इन सभी पहलुओं को भी परखा जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत प्रारंभिक शिक्षा को बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए राज्य सरकार ने महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की बालवाटिकाओं में सत्र 2026-27 से होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड लागू किया है। इसमें अंकों की जगह ए, बी और सी ग्रेड के माध्यम से बच्चों की प्रगति दर्ज होगी। उदयपुर जिले की 30 बालवाटिकाओं के 1123 विद्यार्थी इस नई मूल्यांकन व्यवस्था से जुड़ेंगे।
समग्र शिक्षा उदयपुर के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कुंज बिहारी भारद्वाज ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों का व्यापक मूल्यांकन करना है। इसमें बच्चे की तुलना दूसरे विद्यार्थियों से करने के बजाय उसकी अपनी सीखने की क्षमता और विकास की स्थिति को समझा जाएगा। इससे शिक्षकों और अभिभावकों को यह जानने में मदद मिलेगी कि बच्चा किस क्षेत्र में बेहतर कर रहा है और कहां उसे अतिरिक्त सहयोग की जरूरत है।
बच्चों को अब अंक नहीं ग्रेड दिए जाएंगे
नई व्यवस्था में बच्चों के प्रदर्शन को तीन श्रेणियों में दर्ज किया जाएगा। स्वतंत्र रूप से कार्य करने और अपेक्षित दक्षता हासिल करने वाले बच्चों को ए ग्रेड मिलेगा। शिक्षक की सहायता से कार्य करने या मध्यम स्तर की समझ रखने वाले बच्चों को बी ग्रेड दिया जाएगा। वहीं, जिन बच्चों को कार्य पूरा करने के लिए विशेष सहायता की जरूरत होगी और जिनकी समझ अभी प्रारंभिक स्तर पर होगी, उन्हें सी ग्रेड मिलेगा।
साल में तीन बार मूल्यांकन
प्रभारी एपीसी राजेंद्र प्रसाद नायक ने बताया कि शिक्षकों को प्रोग्रेस कार्ड तैयार करने और मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वर्ष में तीन बार योगात्मक आकलन एसए-1, एसए 2 और एसए-3 किया जाएगा। प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति की ऑनलाइन प्रविष्टि शाला दर्पण पोर्टल के स्टाफ लॉगिन में की जाएगी। सत्र के अंत में प्रोग्रेस कार्ड की प्रमाणित रंगीन प्रति ग्लॉसी पेपर पर तैयार कर विद्यार्थी और उसके अभिभावक को दी जाएगी।


