CNG वाहनों का प्रयोग करने वाले चालकों को महंगाई का लगातार झटका लग रहा है। सीएनजी की कीमत पेट्रोल व डीजल से भी ज्यादा रफ्तार से बढ़ रही है। राजस्थान के उदयपुर में पिछले एक माह में सीएनएजी की कीमतों को तीन बार बढ़ाया जा चुका है। इसके कारण यहां पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से राहत पाने के लिए सीएनजी वाहन खरीदने वालों का गणित अब बिगड़ने लगा है।
उदयपुर में सीएनजी की कीमत एक बार फिर 2.80 रुपए प्रति किलो बढ़ाकर 108.50 रुपए कर दी गई है। एक महीने में तीसरी बार दाम बढ़ाए गए है। साथ ही उदयपुर संभाग में सीएनजी के सबसे महंगे भाव यहां हो गए है। करीब 100 किलोमीटर दूर डूंगरपुर में कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर में सीएनजी उदयपुर के मुकाबले सस्ती है। कीमतों में लगातार उछाल से उदयपुर में आने वाले बाहरी वाहन यहां गैस नहीं भरवा रहे है।
सीएनजी की कीमत अब पेट्रोल-डीजल के मुकाबले मिलने वाली बचत को भी कम कर रही है। जिन लोगों ने पेट्रोल-डीजल के खर्च से बचने के लिए अधिक कीमत चुकाकर सीएनजी वाहन खरीदे थे, उनके लिए अब ईंधन का खर्च भी चिंता का कारण बन गया है। वाहन बाजार से जुड़े लोगों के अनुसार महंगी सीएनजी का असर नई सीएनजी कारों की मांग और बिक्री पर भी दिखाई देने लगा है।
ग्राहक गाड़ी खरीदने से पहले ईंधन की लागत का हिसाब लगा रहे है और कई लोग सीएनजी विकल्प चुनने से कतरा रहे है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों और डॉलर की मजबूती का असर भी सीएनजी के दामों पर पड़ रहा है। जानकारों के अनुसार आयातित गैस की पुरानी खेप अब यहां पहुंच रही है। पहले कतर और होर्मुज क्षेत्र से होने वाली आपूर्ति में बदलाव के बाद दूसरे स्रोतों से गैस मंगाई जा रही है।
रोजाना हजारों वाहन भरवाते है गैस
उदयपुर शहर में करीब 10 सीएनजी पम्प है। उदयपुर क्षेत्र में सीएनजी वाहनों की संख्या 50 से 60 हजार के बीच है। प्रत्येक पम्प पर प्रतिदिन करीब 500 से 600 वाहन गैस भरवाने पहुंचते हैं। ऐसे में कीमतों में हर बार होने वाली बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में वाहन चालकों के मासिक बजट पर पड़ रहा है।
डूंगरपुर-बांसवाड़ा मैं नहीं बढ़े दाम
उदयपुर संभाग के दूसरे जिलों के भाव में अंतर अब वाहन चालकों को खटकने लगा है। डूंगरपुर में करीब 100 किलोमीटर दूर होने के बावजूद सीएनजी की कीमत में हालिया बढ़ोतरी नहीं हुई है। बांसवाड़ा में भी सीएनजी उदयपुर से कम दर पर मिल रही है। ऐसे में उदयपुर आने वाले वाहन चालक दूसरे जिलों में जाकर गैस भरवा रहे हैं।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।