Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

त्योहार पर बस यात्रियों की बड़ी भीड़, बांसवाड़ा-जयपुर स्लीपर के लिए वसूले जा रहे हैं 1800 रुपए

BANSWADA TO JAIPUR BUS SERVICE
BANSWADA TO JAIPUR BUS SERVICE

Banswara News: राजस्थान प्रदेश में दिवाली के त्योहार पर बस यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। त्योहार पर घर पहुंचने की खुशी यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रही है। दीपावली नजदीक आते ही निजी बस संचालकों ने बांसवाड़ा से जयपुर सहित दूसरे बड़े शहर जाने का किराया मनमाने तरीके से बढ़ा दिया। सामान्य दिनों में जयपुर का जो टिकट 500 से 800 रुपए में मिलता था, उसके अब 900 से 1000 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं स्लीपर सीट का किराया 1300 से 1800 रुपए तक पहुंच गया है। त्योहार के सीजन में यात्रियों के पास सीमित विकल्प होने से उन्हें बढ़ा हुआ किराया देने को मजबूर होना पड़ रहा है।

बांसवाड़ा से जयपुर के बीच 18 सो रुपए तक पहुंचा स्लीपर का किराया

बांसवाड़ा से जयपुर सामान्य दिनों में रोजाना 18 से 20 निजी बसें चलती हैं। त्योहारों में बढ़कर 25 से 30 तक पहुंच को जाती है। इसके बावजूद यात्रियों को राहत मिलने के बजाय टिकट के दाम बढ़े हुए मिल रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर भी किराए में भी बड़ा अंतर देखने मिल रहा है। 3 नवंबर को जयपुर के लिए सीट का किराया 500 से 1 हजार रुपए और स्लीपर का 800 से 18 सो रुपए तक बताया गया है। वहीं 30 नवंबर को बांसवाड़ा वापसी सीट का किराया 800 से 1000 और स्लीपर का 1300 से 1700 रुपए तक है।

रेल नहीं, रोडवेज के सीमित विकल्प

बांसवाड़ा से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई और युवा रोजगार के लिए जयपुर सहित दूसरे शहरों में रहते हैं। इसके अलावा नौकरी और व्यापार के सिलसिले में भी यात्रियों का नियमित आवागमन रहता है। त्योहार पर घर लौटने और वापस जाने वालों की संख्या बढ़ जाती है। रेल सेवा नहीं होने और रोडवेज बसों की उपलब्धता कम होने से यात्रियों को निजी बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसी मजबूरी के बीच किराए में बढ़ोतरी उनकी परेशानी बढ़ा रही है।

दूसरे शहरों के लिए भी बढ़े दाम

यही स्थिति अहमदाबाद, रतलाम, भीलवाड़ा, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर जाने वाली बसों में भी है। इन रूटों पर भी सामान्य दिनों के मुकाबले प्रति सीट 300 से 500 रुपए तक अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग में किराए के अलावा अतिरिक्त शुल्क जुड़ने से यात्रियों को और अधिक भुगतान करना पड़ता है।

किराया बढ़ाना गलत, कार्रवाई करेंगे: डीटीओ

पंकज शर्मा, डीटीओ ने कहा कि यदि कोई संचालक तय किराए से अधिक राशि वसूलते पाया जाता है या इस संबंध में कोई शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिक गड़बड़ी मिलने पर बस का परमिट भी रद्द किया जाएगा। वहीं मुजफ्फर अली, अध्यक्ष, ऑल इंडिया कॉन्ट्रेक्ट कैरिएज बस एसोसिएशन ने कहा कि खर्च बढ़ जाते हैं इसलिए किराया बढ़ाते हैं।