भरतपुर। भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के कुशल निर्देशन में पुलिस की विशेष टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे जांच की दिशा और तेज हो गई है।
आज गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कपिलदेव, लाखन सिंह और जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई है, जो सभी भोंडा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इन लोगों को गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दबोचा है। इससे पूर्व शुक्रवार को पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की थी। मामले में शामिल अन्य पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
यह पूरा मामला भोंडा गांव में क्रेशर प्लांट के संचालन, खनन लीज और रास्ते के विवाद से जुड़ा हुआ है। इसी विवाद के चलते पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी और एसपी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं ताकि सभी दोषियों को पकड़ा जा सके।
क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की विभिन्न टीमें फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।


