Hanumangarh News: हनुमानगढ़ जिले के चार गांव में पहली बार नई पंचायत में चुनाव होगा। गांव की चौपालों पर चर्चाएं हैं, गलियों में चुनावी माहौल बनने लगा है। ग्रामीणों की निगाहें अपने गांव की नई बनने वाली पंचायत सरकार पर टिकी हैं। लेकिन खासा उत्साह एरिया के चार गांवों 2-एलकेएस (बिलोचावाला), 1 टीकेडब्ल्यू (ए), खूनीचक और कैंचियां (36-एमओडी) देखने को मिल रहा है। ये चारों गांव इस बार एक नए राजनीतिक सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। जिले में नई पंचायतों के गठन के बाद यहां पहली बार पंचायत चुनाव होंगे। ऐसे में यह चुनाव केवल सरपच चुनने तक सीमित नही रहेगा, बल्कि गांव के विकास की दिशा तय करने का अवसर भी बनेगा। जिले की चारों पंचायतों में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए सीट निर्धारित होने से चुनावी तस्वीर का एक अहम पहलू भी सामने आया है।
ग्रामीणों में चुनाव को लेकर बना हुआ उत्साह
जिले में चार गांवों की नई पंचायतों को लेकर ग्रामीणों में चुनाव को लेकर उत्साह है और संभावित प्रत्याशियों से लेकर आम मतदाताओं तक, सभी की निगाहें चुनावी प्रक्रिया पर लगी हैं। अब तक जिन कामों और समस्याओं को लेकर ग्रामीण दूसरी पंचायतों या संबंधित अधिकारियों के पास जाते थे, उन्हें लेकर नई पंचायतों से नई उम्मीदें जुड़ रही हैं। इन गांवों में सड़क, नाला, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं जैसे मुदे चुनावी चर्चाओं का हिस्सा बन सकते हैं। ग्रामीणों की इच्छा है पहली पंचायत ऐसी नींव रखे, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में पूरे गांव को मिले।
यह है पंचायतों का स्वरूप
जिले में हांसलिया से टूटकर नई पंचायत बिलोचावाला बनी है। यहां मतदाताओं की संख्या करीब 2500 है। ग्राम पंचायत 1-टीकेडब्ल्यू को उमेवाला व कान्हेवाला से, तथा खोथांवाली से टूटकर कैंचियां और खूनीचक नई पंचायतें बनी हैं। 1-टीकेडब्ल्यू में 2166, कैंचियां में 2000 व खूनीचक में 2500 मतदाता नई पंचायत में मतदान करेंगे।


