Hanumangarh News: हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन पर वाहन चालकों को सफर के दौरान हादसा होने का दर बढ़ गया है। इस फोरलेन हाईवे पर अवैध डिवाइडर कट फिर से सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन गए हैं। जिले में लखूवाली से आगे कई जगह बाइक चालकों द्वारा डिवाइडर तोड़कर शॉर्टकट बनाए गए हैं। इससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक सड़क पार करने वाले वाहन बड़े हादसे की आशंका बढ़ा रहे हैं। बता दें कि संबंधित विभाग ने पहले इन कटों को बंद कराया था, लेकिन बाद में दोबारा रास्ते खोल दिए गए। रात में संकेतक और रिफ्लेक्टर नहीं होने से जोखिम और बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों और नियमित वाहन चालकों ने अवैध कटों को स्थायी रूप से बंद करने और डिवाइडर क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई की प्रशासन से मांग की है। ग्रामीण ने प्रशासन से इस हाईवे पर नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करने की अपील की।
चक गोकुलपुरा-ढंढेला मार्ग बदहाल, गड्डों से हादसों का बढ़ रहा खतरा
एक तरफ जहां हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन पर शॉर्टकट बनाए जाने से हादसे होने का डर बढ़ गया है। वहीं दूसरी तरफ जिले में थालड़का चक गोकुलपुरा से ढंढेला जाने वाला सिंगल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। वर्तमानमें सड़क पर कई जगह बड़े गड्ढे हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार रात में इस मार्ग से गुजरना अधिक जोखिम भरा हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत कर आवागमन सुचारू करने की मांग की है। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।


