Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
Karoli

छह हजार के कर्ज ने ली जान: दोस्त बनकर घर से बुलाया और पहाड़ी पर कर दी निर्मम हत्या

करौली के टोडाभीम में एक युवक की हत्या का खुलासा, पैसों के लेनदेन और रंजिश के चलते दोस्तों ने ही रची थी साजिश।

संवाददाता: सागर कुमार शर्मा
छह हजार के कर्ज ने ली जान: दोस्त बनकर घर से बुलाया और पहाड़ी पर कर दी निर्मम हत्या

करौली। करौली जिले के टोडाभीम थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय मोहन सिंह उर्फ सिट्टू मीना की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच दिनों के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे मुख्य रूप से 6 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद और पुरानी रंजिश थी। मुख्य आरोपी शैलेन्द्र उर्फ कबीर मीना को डर था कि मोहन सिंह उसे पुलिस के हवाले कर सकता है, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

घटनाक्रम के अनुसार, 17 सितंबर की रात महवा स्थित एक बीयर बार में बैठकर आरोपियों ने हत्या की साजिश रची। इसके बाद वे एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर सरसैना गांव पहुंचे। आरोपियों ने मोहन सिंह को फोन कर एक युवती के साथ समय बिताने का झांसा दिया, जिस पर भरोसा करके वह घर से बाहर निकल आया। घर के बाहर पहुंचते ही उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर टोडाभीम स्थित सरकारी कॉलेज के पीछे सुनसान पहाड़ी इलाके में ले जाया गया।

पहाड़ी पर ले जाने के बाद आरोपियों ने मोहन सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। शैलेन्द्र और गौरव ने लाठी-डंडों से उस पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। अगले दिन सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को लावारिस शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद मृतक की पहचान मोहन सिंह के रूप में हुई।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से मयंक जाटव और शैलेन्द्र उर्फ कबीर मीना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फरार चल रहे अर्जुन मीना और गौरव उर्फ टोन्या मीना की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि मोहन सिंह अपने दोस्तों के बुलावे पर ही घर से निकला था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

छह हजार के कर्ज ने ली जान: दोस्त बनकर घर से बुलाया और पहाड़ी पर कर दी निर्मम हत्या

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।