Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
Karoli

करौली: 'भारत को जानो' प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शिवा एकेडमी और सेंट जॉन्स का दबदबा

करौली में आयोजित 'भारत को जानो' प्रश्न मंच प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों की 20 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें शिवा एकेडमी ने सीनियर और सेंट जॉन्स ने जूनियर वर्ग में जीत हासिल की।

संवाददाता: सागर कुमार शर्मा
करौली में आयोजित भारत को जानो प्रश्न मंच प्रतियोगिता के विजेता छात्र और शिक्षक
करौली में आयोजित भारत को जानो प्रश्न मंच प्रतियोगिता के विजेता छात्र और शिक्षक

करौली। भारत विकास परिषद शाखा करौली की ओर से आयोजित शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में शिवा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय तथा जूनियर वर्ग में सेंट जॉन्स सेकेंडरी स्कूल की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों की 20 टीमों ने भाग लिया। वहीं प्रथम चरण में करीब 2300 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

सीनियर वर्ग में शिवा एकेडमी विजेता

सीनियर वर्ग में शिवा एकेडमी की आराध्या सोनी और तन्वी गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट जॉन्स सेकेंडरी स्कूल की आराध्या हेमंत शर्मा और चित्रांश उपविजेता रहे।

जूनियर वर्ग में सेंट जॉन्स ने हासिल किया पहला स्थान

जूनियर वर्ग में सेंट जॉन्स सेकेंडरी स्कूल की आध्या शुक्ला और मयंक कुमार विजेता रहे। बाल भारती इंग्लिश मीडियम स्कूल की इशिका और ज्योति ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया।

पांच राउंड में भारतीय संस्कृति से लेकर विज्ञान तक पूछे सवाल

जिला समन्वयक राजेन्द्र दीवान ने बताया कि प्रश्न मंच का संचालन पुरुषोत्तम शर्मा और योगेंद्र सिंहल ने किया। दोनों वर्गों में पांच-पांच राउंड आयोजित किए गए। इनमें भारतीय संस्कृति, धर्म, स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान, भूगोल, कृषि, विज्ञान एवं तकनीक और साहित्य सहित विभिन्न विषयों से प्रश्न पूछे गए। अखिलेश गुप्ता ने टाइमर तथा नगेन्द्र शर्मा, मोतीलाल शाक्यवार और अरविन्द अग्रवाल ने स्कोरर की भूमिका निभाई।

विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए

प्रतियोगिता के समापन पर प्रान्त पदाधिकारी सीताराम शर्मा, अध्यक्ष तुलसी राम गोयनका और सचिव कमलाकांत शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रकल्प प्रभारी प्रकाश चंद गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 10 विद्यालयों के 2300 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप जैन, रेखा गोयनका, सुनीता अग्रवाल, नीरज गुप्ता, रमेश शर्मा सहित शिक्षक और परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।